नकटी गांव में बुलडोजर कार्रवाई पर सियासत : भूपेश बघेल बोले- BJP ने गरीबों को बुलडोजर से दिखाई ताकत, बैज बोले- विधानसभा में उठाएंगे मुद्दा

नकटी गांव में बुलडोजर कार्रवाई पर सियासत : भूपेश बघेल बोले- BJP ने गरीबों को बुलडोजर से दिखाई ताकत, बैज बोले- विधानसभा में उठाएंगे मुद्दा

रायपुर(अमर छत्तीसगढ़) 30 जुन । छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के नकटी गांव में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ हुई कार्रवाई के बाद पूर्व सीएम भूपेश बघेल और कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज आज प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचे। उन्होंने मुलाकात कर लोगों की पीड़ा को सुना और प्रशानसिक कार्यप्रणाली की कड़ी निंदा की। इस दौरान कई महिलाओं का दर्द भी छलका।

पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने नकटी गांव में हुई कार्रवाई को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पूरे मामले पर ग्रामीणों से विस्तृत चर्चा हुई है और सभी प्रभावित लोगों की बात सुनी गई है। उनका आरोप है कि प्रशासन ने गरीब परिवारों के घरों को निशाना बनाया, जबकि प्रभावशाली लोगों के मकानों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।

पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सरकार ने गरीबों पर बुलडोजर चलाकर अपनी ताकत दिखाने का प्रयास किया है। श्री बघेल ने भाजपा नेताओं बृजमोहन अग्रवाल और अनुज शर्मा का नाम लेते हुए कहा कि वह पहल करते तो किसी का घर नहीं टूटता. उन्होंने कहा कि गांव के आसपास मौजूद सभी अवैध कब्जों पर भी समान रूप से कार्रवाई की जाए।

विधानसभा में उठाएंगे नकटी गांव का मुद्दा- पीसीसी चीफ दीपक बैज

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने परिवारों से घर टूटने घटना के समय मौके पर नहीं पहुंच पाने पर माफी मांगी। उन्होंने कहा कि उनके घर टूटने का दुख कांग्रेस पार्टी को भी है और वे इस मुश्किल घड़ी में उनके साथ खड़ी है। कांग्रेस प्रशासन की कार्रवाई का विरोध करती है।

उन्होंने परिवारों से कहा कि 13 जुलाई से शुरू होने वाले विधानसभा सत्र में कांग्रेस नकटी गांव का मुद्दा प्रमुखता से उठाएगी। साथ ही कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल कलेक्टर और राज्यपाल से भी मुलाकात करेगा. यदि समाधान नहीं निकला तो कांग्रेस बड़ा आंदोलन और प्रदर्शन करेगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विधायक और अधिकारियों के लिए आवास बनाने की तैयारी कर रही है, लेकिन इसके लिए गरीबों के घर उजाड़ना किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि किसी का घर तोड़कर विधायक का घर नहीं बनना चाहिए।

Chhattisgarh