पुलिस कस्टडी से महिला आरोपी फरार : चोरी के आरोप में हुई थी गिरफ्तारी, एसपी ने तीन को किया सस्पेंड

पुलिस कस्टडी से महिला आरोपी फरार : चोरी के आरोप में हुई थी गिरफ्तारी, एसपी ने तीन को किया सस्पेंड

बालोद(अमर छत्तीसगढ़) 6 जुलाई । छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। चोरी के आरोप में पुलिस अभिरक्षा में रखी गई एक महिला बालोद कोतवाली थाने से पुलिस को चकमा देकर फरार हो गई।

घटना के 48 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद महिला का कोई सुराग नहीं मिला है। मामले में लापरवाही सामने आने पर एक महिला कांस्टेबल समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, चोरी के आरोप में गिरफ्तार महिला को शुक्रवार शाम बालोद कोतवाली थाना लाया गया था। रातभर उसे पुलिस अभिरक्षा में रखा गया। शनिवार सुबह किसी समय महिला पुलिस को चकमा देकर थाने से फरार हो गई।

महिला के फरार होने की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। उसकी तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में सर्च अभियान चलाया गया, लेकिन घटना के 48 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी महिला का कोई पता नहीं चल सका।

इस घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। प्रारंभिक जांच में ड्यूटी में लापरवाही सामने आने पर विभाग ने एक महिला कांस्टेबल सहित तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। फिलहाल, पुलिस फरार महिला की तलाश में जुटी हुई है।

Chhattisgarh