पर्सनल लोन दिलाने के नाम पर ठगी : 43 शिक्षकों से करोड़ों रुपये ठगे, पांच आरोपी गिरफ्तार

पर्सनल लोन दिलाने के नाम पर ठगी : 43 शिक्षकों से करोड़ों रुपये ठगे, पांच आरोपी गिरफ्तार

फरसगांव(अमर छत्तीसगढ़) 9 जुलाई । छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में पुलिस ने पर्सनल लोन दिलाने के नाम पर शिक्षकों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देशन में करीब तीन महीने तक चली जांच के बाद अंबिकापुर, जशपुर और सारंगढ़ से आरोपियों को दबोचा गया।

पुलिस के अनुसार, गिरोह ने फरसगांव, केशकाल, बड़ेडोंगर, धनोरा, विश्रामपुरी सहित कई क्षेत्रों के 43 शिक्षकों को मल्टीपल बैंक लोन का झांसा देकर करीब 10 से 12 करोड़ रुपये की ठगी की। आरोपियों ने अलग-अलग बैंकों से एक साथ कई पर्सनल लोन स्वीकृत कराए और लोन राशि का लगभग 40 प्रतिशत पीड़ितों को देकर शेष रकम अपने और साथियों के खातों में ट्रांसफर करा ली। साथ ही कुछ मामलों में फर्जी आधार कार्ड तैयार कर बैंक दस्तावेजों का भी उपयोग किया गया।

मामले में थाना फरसगांव और केशकाल में कुल चार अपराध दर्ज किए गए थे। पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, बैंक खातों की जांच और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। गिरफ्तार आरोपियों में शिवशंकर दास, दिलीप कुमार सोनी, विरेन्द्र तिर्की, श्यामसुन्दर जांगड़े और अंशुमान सिंह शामिल हैं।

आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, बैंक पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड, डायरी, रजिस्टर, लैपटॉप और डेस्कटॉप कंप्यूटर जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरोह कई वर्षों से संगठित तरीके से इस तरह की धोखाधड़ी में सक्रिय था और बैंक कर्मियों और लोन एजेंटों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Chhattisgarh