राजनांदगांव।(अमर छत्तीसगढ़) 11 जुलाई।
शहर के सबसे व्यस्त और महत्वपूर्ण राम दरबार चौक पर लगातार बढ़ते यातायात दबाव और तेज रफ्तार वाहनों के चलते दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संयुक्त महासचिव एवं अविभाजित राजनांदगांव जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष पदम सिंह कोठारी ने चौक की यातायात व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग करते हुए यहां गति अवरोधक (ब्रेकर) बनाने तथा दो ट्रैफिक पुलिस की तैनाती करने की आवश्यकता जताई है।
श्री कोठारी ने कहा कि जी.ई. रोड स्थित राम दरबार चौक शहर का अत्यंत व्यस्त चौराहा है जहां से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। इसके बावजूद यहां पर्याप्त यातायात नियंत्रण की व्यवस्था नहीं होने से वाहन चालक तेज गति से गुजरते हैं जिससे हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
उन्होंने कहा कि इस चौक पर पहले मौजूद गति अवरोधकों को हटाए जाने के बाद वाहन बेलगाम रफ्तार से दौड़ रहे हैं। यदि समय रहते यहां दोबारा मजबूत ब्रेकर नहीं बनाए गए और ट्रैफिक व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो भविष्य में किसी भी समय बड़ा सड़क हादसा हो सकता है।
श्री कोठारी ने बताया कि राम दरबार चौक से एक मार्ग सनसिटी, लखोली और कन्हारपुरी की ओर जाता है दूसरा मार्ग एफसीआई गोदाम, प्रेस क्लब और आयकर कार्यालय की ओर, तीसरा मार्ग दुर्ग की दिशा में तथा चौथा मार्ग राजनांदगांव शहर की ओर जाता है। चारों दिशाओं में लगातार वाहनों की आवाजाही होने के कारण यह चौराहा अत्यधिक संवेदनशील बन गया है।
श्री कोठारी ने जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि जनहित और सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए राम दरबार चौक पर शीघ्र गति अवरोधक का निर्माण कराया जाए तथा दो ट्रैफिक पुलिस की तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो किसी बड़ी दुर्घटना की जिम्मेदारी संबंधित विभागों की होगी।

