राजनांदगांव(अमर छत्तीसगढ़) 11 जुलाई। छत्तीसगढ़ श्री वैष्णव महासभा के नवनिर्वाचित प्रदेश पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह रविवार 12 जुलाई को ऑडिटोरियम में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर प्रदेशभर से समाज के वरिष्ठजन, मातृशक्ति, युवा वर्ग एवं समाजबंधुओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रहेगी। समारोह में नवनिर्वाचित पदाधिकारी समाज की एकता, संगठन विस्तार और सामाजिक उत्थान के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लेंगे।
राजनांदगांव में आयोजित होने जा रहा यह समारोह छत्तीसगढ़ श्री वैष्णव महासभा के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण अवसर माना जा रहा है। कार्यक्रम में नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष सुरेन्द्र दास वैष्णव, प्रदेश महासचिव महेन्द्र वैष्णव, प्रदेश कोषाध्यक्ष लालबन्धु वैष्णव सहित प्रदेश कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों को विधिवत शपथ दिलाई जाएगी।
आयोजन समिति द्वारा प्रदेश के विभिन्न जिलों से आने वाले समाजबंधुओं के स्वागत एवं व्यवस्था के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। समारोह में समाज के वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान भी किया जाएगा तथा संगठन की भावी कार्ययोजना पर भी चर्चा होने की संभावना है।
हेमन्त वैष्णव ने छत्तीसगढ़ श्री वैष्णव समाज के सभी स्वजनों, गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों तथा मीडिया प्रतिनिधियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आयोजन की गरिमा बढ़ाने और समाज की एकता के इस ऐतिहासिक आयोजन के साक्षी बनने की अपील की है।

