इंश्योरेंस क्लेम के नाम पर कमीशन मांगने का आरोप: नारायणपुर में पुलिस निरीक्षक गिरफ्तार, जेल भेजा गया

इंश्योरेंस क्लेम के नाम पर कमीशन मांगने का आरोप: नारायणपुर में पुलिस निरीक्षक गिरफ्तार, जेल भेजा गया

नारायणपुर(अमर छत्तीसगढ़) 18 जुलाई। जिले में इंश्योरेंस क्लेम दिलाने के नाम पर कथित तौर पर कमीशन मांगने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अपने ही विभाग के एक निरीक्षक को गिरफ्तार किया है। मामले में एक अधिवक्ता को भी आरोपी बनाया गया है। गिरफ्तार निरीक्षक को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सैलरी पैकेज इंश्योरेंस एवं इंश्योरेंस क्लेम दिलाने के नाम पर कमीशन मांगने की शिकायत मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में शिकायत प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर निरीक्षक सुरेश चंद यादव तथा एक अधिवक्ता के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।

एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने निरीक्षक सुरेश चंद यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से अदालत ने उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। वहीं, मामले में नामजद अधिवक्ता के संबंध में भी विधिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई जारी है।

एसपी संदीप पटेल ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि शिकायत मिलने पर कानून के अनुरूप निष्पक्ष जांच की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून के समक्ष सभी समान हैं और किसी भी व्यक्ति के खिलाफ प्राप्त शिकायत पर निष्पक्ष एवं पारदर्शी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के अनुसार, मामले की विवेचना जारी है। दस्तावेजों की जांच, संबंधित लोगों के बयान और अन्य साक्ष्यों का परीक्षण किया जा रहा है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Chhattisgarh