पेंड्रा में बेखौफ चोरों का डबल अटैक : एक ही रात दो घरों के टूटे ताले, 70 हजार के जेवर-नकदी पर किया हाथ साफ

पेंड्रा में बेखौफ चोरों का डबल अटैक : एक ही रात दो घरों के टूटे ताले, 70 हजार के जेवर-नकदी पर किया हाथ साफ

पेंड्रा(अमर छत्तीसगढ़) 26 जुलाई । छत्तीसगढ़ के पेंड्रा रोड रेस्ट हाउस क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-02 में अज्ञात चोरों ने एक ही रात में दो मकानों को निशाना बनाते हुए लाखों नहीं बल्कि करीब 70 हजार रुपये मूल्य के नकदी व जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। दोनों घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। गौरेला थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पहली वारदात आशीष चश्मा दुकान के पास रहने वाली एक महिला के घर हुई। महिला ने बताया कि 24 जुलाई की रात वह अपनी बेटी के साथ सोई हुई थीं। तड़के बेटी की नींद खुलने पर आलमारी का लॉकर टूटा मिला। चोर घर के पीछे से छत के रास्ते अंदर घुसे और करीब 50 हजार रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, गणेशजी की मूर्ति एवं सिक्के चोरी कर फरार हो गए।

दूसरी चोरी उसी क्षेत्र में ग्रामीण बैंक के सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं फोम-फर्निशिंग व्यवसायी के घर हुई। सुबह उठने पर परिजनों ने आलमारी का लॉकर टूटा और सामान बिखरा हुआ देखा। चोर घर से 7 हजार रुपये नकद, चांदी की पायल और सोने के मंगलसूत्र का लॉकेट सहित करीब 20 हजार रुपये का सामान चोरी कर ले गए। आरोपियों ने दूसरी आलमारी को भी तोड़ने का प्रयास किया और दुकान का सामान भी अस्त-व्यस्त कर दिया।

दोनों घटनाओं की सूचना पर गौरेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Chhattisgarh