स्मार्ट मीटर से  लग रहा जोरदार आर्थिक झटका –  पदम सिंह कोठारी

स्मार्ट मीटर से  लग रहा जोरदार आर्थिक झटका –  पदम सिंह कोठारी

राजनांदगांव(अमर छत्तीसगढ़) 26 जुलाई।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संयुक्त महासचिव एवं अविभाजित राजनांदगांव जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष पदम सिंह कोठारी ने प्रदेश में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर के कारण उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में अप्रत्याशित बढ़ोतरी हो रही है जिससे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों का घरेलू बजट पूरी तरह प्रभावित हो गया है। उन्होंने सरकार से स्मार्ट मीटर योजना की समीक्षा कर आम जनता को राहत देने की मांग की।


श्री कोठारी ने कहा कि भाजपा सरकार की स्मार्ट मीटर योजना आम जनता के लिए राहत नहीं, बल्कि आर्थिक बोझ बन गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं के बिजली बिल पहले की तुलना में दोगुने या उससे भी अधिक आने लगे हैं, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है।

श्री कोठारी ने कहा कि महंगाई की मार पहले से झेल रहे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए बढ़े हुए बिजली बिल किसी बड़े संकट से कम नहीं हैं। रसोई, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक खर्चों के बीच बिजली का बढ़ता बिल परिवारों का मासिक बजट पूरी तरह बिगाड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि पहले लगे पारंपरिक मीटर से उपभोक्ता संतुष्ट थे, लेकिन स्मार्ट मीटर लागू होने के बाद शिकायतों की संख्या लगातार बढ़ रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार स्मार्ट मीटर के माध्यम से जनता से अधिक राशि वसूलने का काम कर रही है। सरकार को जनता की परेशानियों से कोई सरोकार नहीं है और आम लोगों की जेब पर लगातार अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है।

Chhattisgarh