रायपुर में गरजा बुलडोजर : अवैध निर्माणों पर निगम का बड़ा एक्शन, 4 भवन किए जमींदोज

रायपुर में गरजा बुलडोजर : अवैध निर्माणों पर निगम का बड़ा एक्शन, 4 भवन किए जमींदोज

रायपुर(अमर छत्तीसगढ़) 28 जुलाई । राजधानी रायपुर में अवैध निर्माणों के खिलाफ नगर निगम ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। नगर निगम जोन-8 के डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम वार्ड (वार्ड-19) अंतर्गत विकास नगर और गुड़ियारी क्षेत्र में अनुमति के विपरीत किए जा रहे चार निर्माणाधीन भवनों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें ध्वस्त कर दिया गया। यह कार्रवाई कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश और नगर पालिक निगम आयुक्त संबित मिश्रा के मार्गदर्शन में की गई।

नगर निगम की यह कार्रवाई जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल के नेतृत्व में की गई। अभियान में कार्यपालन अभियंता अतुल चोपड़ा, सहायक अभियंता अमन चंद्राकर, उप अभियंता लोचन चौहान, अबरार खान तथा नगर निवेश विभाग की टीम शामिल रही। संयुक्त टीम ने पहले अवैध निर्माणों का निरीक्षण किया और उसके बाद जेसीबी की मदद से निर्माणाधीन भवनों को ध्वस्त कर दिया।

नगर निगम प्रशासन के अनुसार, संबंधित निर्माणकर्ताओं को नियमानुसार तीन नोटिस जारी किए गए थे। इसके बाद अंतिम सूचना भी दी गई, लेकिन निर्धारित समय सीमा के भीतर न तो कोई संतोषजनक जवाब प्रस्तुत किया गया और न ही आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराए गए। इसके चलते निगम ने नियमानुसार बुलडोजर कार्रवाई की।

जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल ने कहा कि शहर में बिना अनुमति और भवन निर्माण नियमों के विपरीत किए जा रहे निर्माणों के खिलाफ नगर निगम लगातार अभियान चला रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Chhattisgarh