सूरजपुर(अमर छत्तीसगढ़) 28 जुलाई । प्रतापपुर थाना क्षेत्र के मदननगर गांव में पुलिस टीम पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 नामजद आरोपियों सहित 100 से 150 ग्रामीणों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोपियों पर पुलिस पर जानलेवा हमला, बलवा, शासकीय कार्य में बाधा डालने और अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, 24 जुलाई को प्रतापपुर पुलिस की टीम पुराने प्रकरण में वांछित पांच आरोपियों को गिरफ्तार करने मदननगर गांव पहुंची थी। इसी दौरान ग्रामीणों की भीड़ ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए टीम पर लाठी-डंडों, फरसा और टांगी से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में एसडीओपी समेत दो दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। स्थिति बिगड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा, जिसके बाद पुलिस टीम किसी तरह मौके से बाहर निकल सकी।
घटना के बाद प्रतापपुर थाने में विस्तृत जांच के आधार पर 15 नामजद आरोपियों के अलावा 100 से 150 अन्य ग्रामीणों को आरोपी बनाया गया है। सभी के खिलाफ बलवा, शासकीय कार्य में बाधा, पुलिस पर जानलेवा हमला और अन्य गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। वीडियो फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि हिंसा में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

