ट्रक से टकराई भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की कार : बागेश्वर धाम से लौटते समय हुआ हादसा, झाँसी के अस्पताल में भर्ती

ट्रक से टकराई भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की कार : बागेश्वर धाम से लौटते समय हुआ हादसा, झाँसी के अस्पताल में भर्ती

रायपुर(अमर छत्तीसगढ़) 29 जुलाई । छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव उत्तर प्रदेश में हुए एक सड़क हादसे में घायल हो गए। हादसा झांसी-ललितपुर मार्ग पर उस समय हुआ, जब वे बागेश्वर धाम से परिवार के साथ वापस लौट रहे थे। दुर्घटना में उन्हें कमर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। फिलहाल उनका इलाज झांसी मेडिकल कॉलेज में जारी है और चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति स्थिर एवं खतरे से बाहर है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, किरण सिंह देव गुरु पूर्णिमा के अवसर पर अपने निजी कार्यक्रम के तहत बागेश्वर धाम गए थे। दर्शन के बाद लौटते समय उनकी कार झांसी और ललितपुर के बीच दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

बताया जा रहा है कि सफर के दौरान सामने से आ रहे एक वाहन को बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक ब्रेक लगाया। इससे कार का संतुलन बिगड़ गया और वह पास से गुजर रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार किरण सिंह देव घायल हो गए।

हादसे के समय उनके साथ सुरक्षा में तैनात पीएसओ (PSO) भी वाहन में मौजूद थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य दूसरी गाड़ी में यात्रा कर रहे थे। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है।

भाजपा नेताओं और किरण सिंह देव के करीबियों के मुताबिक उनकी हालत फिलहाल स्थिर है और किसी तरह का गंभीर खतरा नहीं बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही छत्तीसगढ़ भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।

उधर, स्थानीय पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुट गई है। हादसे को लेकर अभी तक कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, हालांकि प्रशासन पूरे घटनाक्रम की जानकारी एकत्र कर रहा है।

Chhattisgarh