रायपुर(अमर छत्तीसगढ़) 30 जुलाई । दिल्ली दौरे से लौटने के बाद छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने संगठन विस्तार, एंटी पेपर लीक कानून, पीएससी भर्ती विवाद और प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन में जल्द नई नियुक्तियां होंगी और 10 से 20 प्रतिशत नए चेहरों को जिम्मेदारी दी जाएगी।
दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस की नई टीम को लेकर मंथन पूरा हो चुका है। उन्होंने बताया कि करीब 10 से 20 प्रतिशत नए लोगों को संगठन में शामिल किया जाएगा, जबकि अधिकांश पुराने पदाधिकारियों को बरकरार रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि कुछ पदाधिकारी व्यक्तिगत कारणों से संगठन को पर्याप्त समय नहीं दे पा रहे हैं। ऐसे लोगों की जगह सक्रिय कार्यकर्ताओं को अवसर दिया जाएगा। कांग्रेस हाईकमान ने भी संगठन में नए चेहरों को शामिल करने पर सहमति जताई है और जल्द ही नियुक्तियों की घोषणा की जाएगी।
दिल्ली में हुई कांग्रेस की संगठनात्मक समीक्षा बैठक का जिक्र करते हुए बैज ने कहा कि बैठक में संगठन के कार्यों की समीक्षा की गई। कनेक्ट सेंटर के माध्यम से पूरे देश में ऑनलाइन रिपोर्टिंग की जा रही है और इस रिपोर्टिंग में छत्तीसगढ़ कांग्रेस के काम की सराहना हुई है। उन्होंने कहा कि जिला अध्यक्षों की नियुक्ति से लेकर मंडल और पंचायत स्तर तक संगठन का विस्तार बेहतर तरीके से किया गया है। बैठक में आगामी चुनावों और भाजपा के खिलाफ संघर्ष की रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
राज्य सरकार द्वारा लाए गए एंटी पेपर लीक कानून पर प्रतिक्रिया देते हुए दीपक बैज ने कहा कि वर्ष 2024 में भी इसी तरह का कानून बनाया गया था, लेकिन उसका कोई प्रभाव नहीं दिखा। उन्होंने आरोप लगाया कि दो दर्जन से अधिक पेपर लीक मामलों में जुड़े अधिकारियों को क्लीन चिट दे दी गई। उन्होंने कहा, “कानून बनाना अलग बात है, लेकिन उसे जमीन पर लागू करना सबसे बड़ी चुनौती है। सवाल यह है कि दोषियों पर कार्रवाई होगी या उन्हें बचाया जाएगा।
भाजपा सांसद संतोष पांडे के उस बयान, जिसमें उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से PSC मामले में माफी मांगने की बात कही थी, पर दीपक बैज ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने PSC घोटाले का आरोप लगाकर चुनाव जीता, लेकिन अब एक तरफ जांच चल रही है और दूसरी तरफ चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति भी दे दी गई है।
बैज ने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि घोटाला हुआ है तो फिर नियुक्तियां क्यों दी गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने चुनावी लाभ लेने के लिए कांग्रेस पर झूठे आरोप लगाए थे।
दीपक बैज ने प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि बस्तर क्षेत्र में लोग मलेरिया और डायरिया जैसी बीमारियों से जान गंवा रहे हैं, जबकि स्वास्थ्य मंत्री अपनी उपलब्धियां गिनाने में व्यस्त हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जगदलपुर मेडिकल कॉलेज में स्ट्रेचर से सीमेंट ढोया जा रहा है और प्रदेश में नकली दवाइयों व नकली गोलियों की बिक्री की शिकायतें सामने आ रही हैं। बैज ने कहा कि सरकार को इन गंभीर मुद्दों की समीक्षा कर स्वास्थ्य व्यवस्था सुधारने पर ध्यान देना चाहिए।

