डोंगरगढ़ भाजपा में बगावत गहराई : 111 के बाद 25 और कार्यकर्ताओं का सामूहिक इस्तीफा, परिवारवाद के आरोप

डोंगरगढ़ भाजपा में बगावत गहराई : 111 के बाद 25 और कार्यकर्ताओं का सामूहिक इस्तीफा, परिवारवाद के आरोप

डोंगरगढ़(अमर छत्तीसगढ़) 1 अगस्त । छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ शहर भाजपा मंडल में अंदरूनी कलह थमने का नाम नहीं ले रही है। पहले 111 भाजपा कार्यकर्ताओं के सामूहिक इस्तीफे के बाद अब 25 और कार्यकर्ताओं ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफे का नया पत्र सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद स्थानीय भाजपा की गुटबाजी और संगठनात्मक विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है।

जानकारी के अनुसार, जिला भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के मंत्री बलविंदर सिंह विक्की और पूर्व महिला मोर्चा अध्यक्ष एम. तुलसी के नेतृत्व में 25 कार्यकर्ताओं ने जिला भाजपा अध्यक्ष को सामूहिक इस्तीफा सौंपा है। इस्तीफा देने वाले नेताओं ने शहर मंडल अध्यक्ष की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि संगठन में परिवारवाद, पक्षपात और मनमानी को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे कार्यकर्ताओं में लगातार असंतोष बढ़ रहा है।

वहीं, पूर्व शहर मंडल महामंत्री संतोष राव ने भी मंडल अध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि संगठन में पदों का वितरण निष्पक्ष तरीके से नहीं किया गया और केवल चहेते लोगों को जिम्मेदारियां दी गईं। उनका आरोप है कि मंडल अध्यक्ष एक व्यक्ति के “रिमोट कंट्रोल” पर काम कर रहे हैं, जिसके कारण कार्यकर्ताओं का भरोसा संगठन से उठता जा रहा है और इस्तीफों का सिलसिला लगातार बढ़ रहा है।

कांग्रेस विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने ली चुटकी

इधर, भाजपा में जारी इस्तीफों के दौर पर डोंगरगढ़ की कांग्रेस विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा कांग्रेस पर परिवारवाद का आरोप लगाती रही है, लेकिन अब भाजपा के अपने कार्यकर्ता ही पार्टी में परिवारवाद और पक्षपात की पोल खोल रहे हैं। विधायक ने दावा किया कि डोंगरगढ़ में भाजपा संगठन लगातार कमजोर हो रहा है और कार्यकर्ताओं का विश्वास नेतृत्व से कम होता जा रहा है।

Chhattisgarh