सुकमा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 62 लाख से अधिक का गांजा जब्त, अंतर्राज्यीय तस्करी गिरोह के 3 आरोपी गिरफ्तार

सुकमा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 62 लाख से अधिक का गांजा जब्त, अंतर्राज्यीय तस्करी गिरोह के 3 आरोपी गिरफ्तार

सुकमा(अमर छत्तीसगढ़) । छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सूखे नशे की अंतर्राज्यीय तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एर्राबोर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 68 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी बाजार कीमत 62.63 लाख रुपए से अधिक आंकी गई है। मामले में कर्नाटक के बीदर जिले के रहने वाले तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी दो स्विफ्ट कारों में गांजे की खेप लेकर जा रहे थे।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से दो सफेद रंग की कारों में अवैध गांजे की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर एर्राबोर बाजार के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर घेराबंदी कर दोनों वाहनों को रोका गया। तलाशी के दौरान कारों से कुल 50 पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 68 किलोग्राम निकला।

पूछताछ में आरोपी संतोषजनक जवाब नहीं दे सके, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोहेल खान, अब्दुल अदील और आकाश गौड़ के रूप में हुई है। तीनों कर्नाटक के बीदर जिले के निवासी हैं।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो स्विफ्ट कारें, फर्जी नंबर प्लेट, मोबाइल फोन, नगदी और अन्य दस्तावेज भी जब्त किए हैं। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(C), 29 तथा बीएनएसएस की धारा 318(2) और 340 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि यह अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी से जुड़ा मामला है और पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ में इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और तस्करी के नेटवर्क का भी खुलासा हो सकता है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है।

Chhattisgarh