रायपुर(अमर छत्तीसगढ़) 1 अगस्त । छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कथित ‘लव जिहाद’ से जुड़ा एक मामला सामने आया है। एक युवती ने आरोप लगाया है कि इंस्टाग्राम पर ‘सोनू’ नाम बताकर एक युवक ने उससे दोस्ती की, कई महीनों तक अपनी धार्मिक पहचान छिपाई और शादी के बाद उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया।
युवती ने मारपीट, मानसिक प्रताड़ना और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए हैं। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वहीं, बजरंग दल के कार्यकर्ता भी थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
युवती के मुताबिक, उसकी मुलाकात इंस्टाग्राम पर ‘सोनू’ नाम के युवक से हुई थी। बातचीत के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और करीब छह महीने तक उनका रिश्ता चला। इस दौरान युवक ने कभी अपनी वास्तविक पहचान नहीं बताई। युवती का कहना है कि जब भी उसने उसकी धार्मिक पहचान के बारे में पूछा, युवक खुद को हिंदू होने का भरोसा दिलाता रहा।
युवती का आरोप है कि गर्भवती होने के बाद युवक ने शादी करने की बात कही। शादी वाले दिन घर में मौलाना को देखकर उसे पहली बार संदेह हुआ। विरोध करने पर युवक ने उसे समझाते हुए कहा कि दोनों अपने-अपने धर्म का पालन करेंगे। बाद में उसे पता चला कि युवक का वास्तविक नाम सुफरान है।

युवती का आरोप है कि शादी के कुछ महीनों बाद उस पर आधार कार्ड में नाम बदलवाने, बुरखा पहनने, नमाज पढ़ने और इस्लाम धर्म अपनाने का दबाव बनाया जाने लगा। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी। उसने यह भी आरोप लगाया कि हाथ पर बने टैटू को मिटाने के लिए उसके हाथ को जलाया गया और एसिड से रगड़ा गया। इसके अलावा उसे मंदिर जाने और हिंदू त्योहार मनाने से भी रोका जाता था।
युवती ने आरोप लगाया कि 12 अगस्त 2022 को बेटे के जन्म वाले दिन उसे फिनाइल पिला दी गई। इसके बाद भी उसके साथ लगातार मारपीट और प्रताड़ना होती रही। उसका कहना है कि बाद में पति हत्या के प्रयास के एक मामले में जेल चला गया। जेल से रिहा होने के बाद उसने दोबारा साथ रहने का दबाव बनाया और इनकार करने पर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने तथा जान से मारने की धमकी दी। युवती ने बताया कि उसने 7 जुलाई को थाने में शिकायत दर्ज कराई है और अपनी तथा अपने बच्चे की सुरक्षा के साथ न्याय की मांग की है।
वहीं, आरोपी के परिजनों ने युवती के सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा है कि युवती ने अपनी इच्छा से विवाह किया और स्वेच्छा से नाम बदला था। उनका दावा है कि उस पर किसी प्रकार का धर्म परिवर्तन का दबाव नहीं बनाया गया।
पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और जांच में सामने आने वाले तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

