अंबिकापुर(अमर छत्तीसगढ़) 2 अगस्त । सरगुजा जिले में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी तरुण जायसवाल के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए गठित विशेष पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। इस बीच पुलिस ने आरोपी के नाम पर दर्ज 12 बोर डीबीबीएल लाइसेंसी बंदूक जब्त कर ली है। साथ ही उसकी चल-अचल संपत्ति की जानकारी जुटाने और कथित अतिक्रमित भूमि के सत्यापन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ग्राम भफौली निवासी तरुण जायसवाल पर एक नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप है। घटना के बाद से आरोपी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले की गंभीरता और जनआक्रोश को देखते हुए पुलिस ने जांच और तलाश अभियान तेज कर दिया है।
सरगुजा के डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम बनाई गई है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और संभावित ठिकानों पर लगातार निगरानी रख रही है। जिले के साथ-साथ अन्य संभावित स्थानों पर भी आरोपी की तलाश की जा रही है।
आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए सरगुजा पुलिस ने ₹5,000 के इनाम की घोषणा की है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि आरोपी के संबंध में कोई भी सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस को अवगत कराएं। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी के नाम पर 12 बोर डीबीबीएल लाइसेंसी बंदूक दर्ज है। आरोपी के फरार रहने और विवेचना प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए थाना प्रभारी कोतवाली ने शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की अनुशंसा की। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस टीम आरोपी के घर पहुंची, जहां परिजनों ने बंदूक और उसका लाइसेंस पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने दोनों को विधिवत जब्त कर लिया।
पुलिस ने आरोपी की चल एवं अचल संपत्तियों का विवरण राजस्व विभाग से मांगा है। इसके अलावा ग्राम भफौली में आरोपी द्वारा कथित रूप से अतिक्रमित भूमि का मौका सत्यापन कराने के लिए भी प्रतिवेदन भेजा गया है। अधिकारियों के अनुसार, कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आरोपी की संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आरोपी को छिपाने, शरण देने या गिरफ्तारी से बचाने में मदद करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि विशेष टीम लगातार कार्रवाई कर रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

