रायपुर(अमर छत्तीसगढ़) 02 अगस्त 2026/ नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान के राष्ट्रीय शुभारंभ के अवसर पर आज रायपुर स्थित लोक भवन में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्यपाल श्री रमेन डेका ,मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में बड़ी संख्या में युवा, छात्र-छात्राएं, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि एवं विभिन्न युवा संगठनों के सदस्यों ने इस कार्यक्रम में भाग लिया।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से देशभर के युवाओं को संबोधित करते हुए 100 सप्ताह तक चलने वाले इस राष्ट्रव्यापी जन-जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है।
विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका है, इसलिए युवाओं को नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और क्षमता का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करना चाहिए। उन्होंने सभी युवाओं से नशामुक्त जीवन अपनाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर विधायक श्री पुरंदर मिश्रा, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी. आर. प्रसन्ना, विधिक सलाहकार श्रीमती सत्यभामा अजय दुबे, रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह, अधिकारी-कर्मचारी सहित युवा बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

