जांजगीर(अमर छत्तीसगढ़) 3 अगस्त । छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा पुलिस ने करोड़ों रुपये का लोन दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को मध्य प्रदेश के इंदौर से गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी लोन स्वीकृति पत्र, सील-मोहर और जाली हस्ताक्षरों के जरिए लोगों का भरोसा जीतकर ठगी की वारदात को अंजाम देता था।
पुलिस के मुताबिक, शिवनगर चांपा निवासी आशुतोष अग्रवाल ने 16 जून 2025 को थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 में अखबार के माध्यम से उनकी पहचान कुलदीप वशिष्ठ से हुई थी। आरोपी ने खुद को बैंकिंग कार्यों से जुड़ा बताते हुए यूको बैंक से 1 करोड़ रुपये का लोन स्वीकृत कराने का भरोसा दिलाया।
लोन प्रक्रिया के नाम पर आरोपी ने पहले 5 लाख रुपये फिक्स डिपॉजिट कराने और 5 से 6 लाख रुपये अन्य खर्च होने की बात कहकर रकम मांगी। भरोसा जीतने के लिए उसने फर्जी लोन स्वीकृति पत्र, नकली सील-मोहर और जाली हस्ताक्षरों का इस्तेमाल किया।
आरोपी की बातों में आकर पीड़ित ने 1 लाख रुपये नकद, 25 हजार रुपये फोन-पे, 7 लाख रुपये आरटीजीएस और 2,54,285 रुपये अलग-अलग किश्तों में ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। इस तरह आरोपी ने कुल 10,87,285 रुपये की ठगी कर ली।
शिकायत के आधार पर थाना चांपा पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। साइबर तकनीक की मदद से आरोपी की लोकेशन मध्य प्रदेश के इंदौर में मिली। पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर आरोपी कुलदीप वशिष्ठ को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने ठगी की वारदात स्वीकार कर ली। इसके बाद उसे ट्रांजिट रिमांड पर चांपा लाया गया और न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

