जगदलपुर में सूरज इंटरप्राइजेज में भीषण आग : शटर तोड़कर SDRF ने शुरू किया रेस्क्यू, लाखों के नुकसान की आशंका

जगदलपुर में सूरज इंटरप्राइजेज में भीषण आग : शटर तोड़कर SDRF ने शुरू किया रेस्क्यू, लाखों के नुकसान की आशंका

जगदलपुर(अमर छत्तीसगढ़) 4 अगस्त । शहर के अनुपमा चौक स्थित इंडियन ओवरसीज बैंक (IOB) के पास मौजूद सूरज इंटरप्राइजेज में मंगलवार देर रात भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दुकान से धुआं और आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और SDRF की टीम मौके पर पहुंची। दुकान बंद होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में शुरुआती दिक्कतें आईं। इसके बाद SDRF की टीम ने दुकान का शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

बताया जा रहा है कि दुकान में बड़ी मात्रा में किताबें, कॉपियां, कागज, स्टेशनरी सामग्री तथा वस्त्र एवं बिना बुने कपड़े (नॉन-वोवन फैब्रिक) रखे हुए थे। ज्वलनशील सामान अधिक होने के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया।

फायर ब्रिगेड की टीम देर रात तक आग पर काबू पाने में जुटी रही। समाचार लिखे जाने तक आग पूरी तरह नियंत्रित नहीं हो सकी थी। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना के समय दुकान बंद थी, जिससे किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।

फिलहाल आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस और संबंधित विभाग ने बताया कि आग पूरी तरह बुझने के बाद मौके का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन किया जाएगा और आग लगने के कारणों की जांच की जाएगी। संभावना जताई जा रही है कि इस घटना में दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया है, हालांकि नुकसान का आधिकारिक आंकड़ा जांच के बाद ही सामने आएगा।

Chhattisgarh