रायपुर (अमर छत्तीसगढ़) 4 अगस्त । छत्तीसगढ़ शासन के जनसंपर्क विभाग में तीन अधिकारियों को पदोन्नति दी गई है। विभाग के उपसंचालक छगनलाल लोन्हारे, कमल कुमार बघेल और मनुदाऊ पटेल को संयुक्त संचालक के पद पर पदोन्नत किया गया है। इस संबंध में जनसंपर्क विभाग, महानदी भवन के उपसचिव द्वारा सोमवार को आदेश जारी कर दिया गया।
जारी आदेश के अनुसार, पदोन्नति के बाद इन तीनों अधिकारियों की पदस्थापना में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। छगनलाल लोन्हारे जनसंपर्क संचालनालय रायपुर, कमल कुमार बघेल जिला जनसंपर्क कार्यालय बस्तर तथा मनुदाऊ पटेल जिला जनसंपर्क कार्यालय बिलासपुर में अपने वर्तमान पदस्थापन स्थल पर ही कार्य करते रहेंगे।

गौरतलब है कि इससे पहले छत्तीसगढ़ सूचना केंद्र, नई दिल्ली में पदस्थ सुनील सिंह को भी अपर संचालक पद पर पदोन्नति दी गई थी। अब तीन और अधिकारियों के प्रमोशन के साथ विभाग में वरिष्ठ स्तर पर प्रशासनिक जिम्मेदारियों को और मजबूती मिलने की उम्मीद है। पदोन्नति की घोषणा के बाद विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों और शुभचिंतकों ने तीनों नवपदोन्नत संयुक्त संचालकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

