रायपुर(अमर छत्तीसगढ़) 5 अगस्त । छत्तीसगढ़ के 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए सरकारी नौकरी का रास्ता साफ हो गया है। राज्य सरकार ने उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित किए गए खिलाड़ियों के नाम राजपत्र (गजट) में प्रकाशित कर दिए हैं। इसके साथ ही अब इन खिलाड़ियों की सरकारी नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी।
मिली जानकारी के अनुसार, विभिन्न खेल विधाओं से जुड़े 156 खिलाड़ियों के नाम राजपत्र में शामिल किए गए हैं। राजपत्र में प्रकाशन के बाद अब संबंधित विभागों में खिलाड़ियों को नियमानुसार सरकारी नौकरी देने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
गौरतलब है कि उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित होने के बावजूद इन खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी के लिए कई वर्षों तक इंतजार करना पड़ा। लंबे समय से खिलाड़ी नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने की मांग कर रहे थे।
राजपत्र में नाम प्रकाशित होने के बाद खिलाड़ियों में खुशी का माहौल है। माना जा रहा है कि इस फैसले से प्रदेश के खिलाड़ियों को न केवल रोजगार मिलेगा, बल्कि खेलों के प्रति युवाओं का उत्साह भी बढ़ेगा। सरकार के इस कदम को खिलाड़ियों के लंबे इंतजार को समाप्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

