सूरजपुर(अमर छत्तीसगढ़) 6 अगस्त । छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में जमीन फर्जीवाड़े के एक सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तत्कालीन तहसीलदार, पटवारी समेत चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोप है कि एक महिला को सरकारी दस्तावेजों में मृत घोषित कर उसका फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र तैयार कराया गया और उसी के आधार पर उसकी जमीन का नामांतरण कराकर रजिस्ट्री करा ली गई।
पुलिस के अनुसार मामला झिलमिली थाना क्षेत्र का है। वर्ष 2024 में पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि उसके सौतेले बेटे ने साजिश के तहत उसे दस्तावेजों में मृत दर्शाया। इसके बाद फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र तैयार कर राजस्व रिकॉर्ड में बदलाव कराया गया और उसकी जमीन अपने नाम दर्ज कराकर रजिस्ट्री भी करा ली गई।
शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच की गई, जिसमें आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। जांच के आधार पर झिलमिली थाना पुलिस ने तत्कालीन तहसीलदार संजय राठौर, संबंधित पटवारी सहित कुल चार लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार देवांगन ने बताया कि जांच के दौरान मिले दस्तावेजों और तथ्यों के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि यदि जांच के दौरान आरोपों की पुष्टि के लिए पर्याप्त साक्ष्य मिलते हैं, तो आरोपियों की गिरफ्तारी भी की जाएगी। फिलहाल पूरे प्रकरण की बारीकी से जांच की जा रही है।

