बिलासपुर(अमर छत्तीसगढ़) 6 अगस्त । जिले के सकरी थाना क्षेत्र में एटीएम में मदद करने के बहाने एक व्यक्ति से 40 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। शातिर ठग ने पहले पीड़ित का एटीएम पिन देख लिया, फिर चालाकी से उसका एटीएम कार्ड बदल दिया और कुछ ही मिनटों में चार बार में 40 हजार रुपये निकाल लिए। शिकायत के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, जगदीश प्रसाद राठौर, निवासी ग्राम परसदा (भरनी), केंद्रीय रेशम बोर्ड परसदा में कार्यरत हैं। वे सकरी बाजार चौक स्थित एसबीआई एटीएम से पैसे निकालने पहुंचे थे। इसी दौरान एटीएम के अंदर पहले से मौजूद करीब 30 से 35 वर्षीय युवक ने बातचीत शुरू की और मदद करने के बहाने दोबारा एटीएम कार्ड मशीन में डालने तथा पिन दर्ज करने की सलाह दी।
पीड़ित ने जैसे ही दोबारा पिन दर्ज किया, आरोपी ने चोरी-छिपे उनका पिन देख लिया। इसके बाद मौका मिलते ही उसने उनका एटीएम कार्ड बदल दिया। उस समय पीड़ित को इसकी भनक तक नहीं लगी और वह वहां से निकल गया।
कुछ देर बाद जब जगदीश प्रसाद राठौर गनियारी स्थित सेंट्रल बैंक के एटीएम पहुंचे और कार्ड का उपयोग करने की कोशिश की, तो कार्ड काम नहीं कर रहा था। इसी दौरान उनके मोबाइल पर खाते से 10 हजार रुपये निकाले जाने का मैसेज आया। इसके बाद लगातार चार ट्रांजैक्शन के जरिए कुल 40 हजार रुपये खाते से निकाल लिए गए।
धोखाधड़ी का पता चलते ही पीड़ित ने तत्काल बैंक पहुंचकर अपना एटीएम कार्ड ब्लॉक कराया, ताकि आगे किसी तरह की निकासी न हो सके। इसके बाद उन्होंने सकरी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर सकरी पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस एटीएम परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्ध युवक की पहचान कर उसकी तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि एटीएम में किसी अनजान व्यक्ति की मदद न लें और पिन दर्ज करते समय कीपैड को हाथ से ढंककर रखें, ताकि इस तरह की ठगी से बचा जा सके।

