जांजगीर चांपा (अमर छत्तीसगढ़) 7 अगस्त ।
- शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिवनी में शपथ ग्रहण समारोह संपन्न
- CSP जांजगीर योगिताबाली खापर्डे पहुंची मुख्य अतिथि के रूप में, छात्र- छात्राओं को दिए सुरक्षा/ जागरूकता की संदेश
- छात्र/छात्राओं को सुरक्षा और साइबर अपराध व नशामुक्ति पर किया जागरूक
- आज के विद्यार्थी ही कल के जिम्मेदार नागरिक” — CSP खापर्डे ने छात्र-छात्राओं को किया प्रेरित
चौकी नैला अंतर्गत ग्राम सिवनी स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिवनी में छात्र- छात्राओं के शपथ ग्रहण समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय IPS के निर्देशन में सामुदायिक पुलिसिंग के तहत कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में CSP जांजगीर योगिताबाली खापर्डे उपस्थित रहीं। उन्होंने विद्यालय के नव-निर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों एवं सभी विद्यार्थियों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, ईमानदारी तथा राष्ट्र सेवा की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की शपथ दिलाई।
CSP जांजगीर योगितबाली खापर्डे ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के जिम्मेदार नागरिक हैं। शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी का भाव विकसित करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने, अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने तथा समाज और देश के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करने का आह्वान किया।

पुलिस रक्षा टीम ने दिए सुरक्षा आवश्यक टिप्स
कार्यक्रम के दौरान पुलिस की रक्षा टीम द्वारा छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण, साइबर अपराध एवं ऑनलाइन ठगी से बचाव के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। बच्चों को सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने, अनजान लिंक एवं कॉल से सावधान रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना देने की सलाह दी गई।
इसके साथ ही विद्यार्थियों एवं उपस्थित नागरिकों को नाबालिग बच्चों द्वारा वाहन नहीं चलाने देने, सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, क्षेत्र में आने वाले संदिग्ध अथवा बाहरी व्यक्तियों की जानकारी पुलिस को उपलब्ध कराने तथा नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य
विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं कानून के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना तथा उन्हें महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा और नशामुक्ति जैसे महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक बनाना था।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य श्रीमती किरन लता पाण्डेय सहित शिक्षकगण, पुलिस विभाग की रक्षा टीम, छात्र- छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

