गरियाबंद(अमर छत्तीसगढ़) 9 अगस्त । जिले के मरौदा गांव स्थित प्रसिद्ध भूतेश्वरनाथ धाम से श्रद्धालुओं को लेकर लौट रही बस रविवार को हादसे का शिकार हो गई। घटना भकुर्रा मार्ग के पास पुल पर हुई। सामने से आ रहे वाहन को साइड देने के दौरान बस सड़क से नीचे उतर गई और पुल के किनारे उसका अगला पहिया धंस गया। हादसे में बस का सामने का कांच भी टूट गया। हादसे के वक्त बस में 54 श्रद्धालु सवार थे। गनीमत रही कि बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। हालांकि, सड़क किनारे पैदल जा रहा एक व्यक्ति बस की चपेट में आने से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, बस रायपुर से श्रद्धालुओं को लेकर भूतेश्वरनाथ धाम गई थी। दर्शन के बाद श्रद्धालु वापस रायपुर लौट रहे थे। इसी दौरान भकुर्रा मार्ग के पास पुल पर सामने से आ रहे वाहन को रास्ता देने के दौरान बस का पहिया सड़क किनारे धंस गया और यह हादसा हो गया। बस की चपेट में आए घायल व्यक्ति को तत्काल डायल 112 की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना के बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था को संभालने में जुट गई। बस को सुरक्षित तरीके से हटाने और यातायात बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। करीब एक घंटे बाद भी यातायात पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाया था, जिसके चलते भूतेश्वरनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

सावन माह के दूसरे सोमवार से पहले भूतेश्वरनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ गई है। बड़ी संख्या में लोग दर्शन के लिए धाम की ओर जा रहे हैं। जाम के कारण कई महिलाएं सड़क किनारे बैठकर यातायात सामान्य होने का इंतजार करती नजर आईं। पुलिस और प्रशासन की टीम बस को सुरक्षित निकालने तथा मार्ग पर यातायात व्यवस्था सामान्य करने में जुटी हुई है।

