राजनांदगांव(अमर छत्तीसगढ़) 9 अगस्त। खत्तर गच्छाधिपति श्री मणिप्रभसागर जी के सुशिष्य समयप्रभ सागर जी एवं श्रेयांशप्रभ सागर जी इन दिनों राजनांदगांव में विराजित है और उनका नियमित प्रवचन ज्ञानवल्लभ उपाश्रय भवन में चल रहा है। रविवार को श्रेयांशप्रभ सागर जी ने कहा कि हमारे एक झूठ से किसी की जिंदगी भी बर्बाद हो सकती है इसलिए झूठ बोलने से पहले दस बार सोंचकर बोले।
मुनि श्री ने कहा कि हमने किसी को कुछ कहा नहीं कि वो बात एक- दूसरे के पास से होती हुई जब आगे बढ़ती जाती है तब वह झूठ का विशाल पुलंदा बन जाती है। यह झूठ किसी की जिंदगी भी बर्बाद कर देती है।
उन्होंने माता सीता का उदाहरण देते हुए बताया कि एक झूठ ने उन्हें फिर से वन भेज दिया। उन्होंने कहा कि इस झूठ से भले ही किसी का लेना-देना ना हो लेकिन वह उसमें सहभागी अवश्य बनना चाहता है। वह यह नहीं सोचता कि उसके सहभागी बनने से किसी का जीवन तहस=नहस भी हो सकता है।
मुनि श्री श्रेयांशप्रभ सागर जी ने कहा कि कर्मों का फल तो मिलकर ही रहता है। इसलिए अपने कर्म ऐसे करें कि जो अपने लिए आगे चलकर तकलीफदेह न हो और दूसरों के लिए भी नुकसानदायक ना हो। हमें अच्छे विचार बहुत कम आते हैं। दरअसल अच्छे विचार हम अपने मन में लाते नहीं है। जो कर्मों में लिखा है उसे स्वीकार करना ही चाहिए। एक झूठ में अयोध्या को एक सती से दूर कर दिया। उन्होंने कहा कि झूठ बोलने से कुछ मिलना नहीं है फिर भी हम इस संजोते हैं। उन्होंने कहा कि जहां जरूरत है वहां झूठ बोलना तो समझ में आता है लेकिन झूठ बोलने से पहले हमें यह सोचना चाहिए कि अनावश्यक झूठ किसी की जिंदगी भी बर्बाद कर सकती है।

