तिरंगा यात्रा से पहले सीएम साय का बड़ा संदेश : बोले- राष्ट्र सर्वोपरि, नक्सलवाद का खात्मा सामूहिक प्रयास से संभव हुआ

तिरंगा यात्रा से पहले सीएम साय का बड़ा संदेश : बोले- राष्ट्र सर्वोपरि, नक्सलवाद का खात्मा सामूहिक प्रयास से संभव हुआ

रायपुर(अमर छत्तीसगढ़) 10 अगस्त । राजधानी रायपुर के इनडोर स्टेडियम में आयोजित तिरंगा यात्रा कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पहुंचे। उनके साथ उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। मंत्री ओपी चौधरी, राजेश अग्रवाल और गुरु खुशवंत साहेब समेत विधायक, महापौर और बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि हम सभी के लिए राष्ट्र सर्वोपरि है। तिरंगा झंडा हम सभी को एक सूत्र में बांधकर रखता है।

मुख्यमंत्री साय ने हर घर तिरंगा अभियान के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा देश में एक आंदोलन का रूप ले चुकी है। यह अवसर देश के महापुरुषों और स्वतंत्रता संग्राम में अपना बलिदान देने वाले शहीदों को याद करने और उन्हें नमन करने का भी है। सीएम ने कहा कि तिरंगा केवल एक झंडा नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। इसे लेकर देशभर में लोगों के बीच उत्साह देखने को मिल रहा है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने संबोधन में छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ मिली सफलता का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आज छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद जैसी समस्या खत्म हुई है। उन्होंने कहा कि जवानों के अदम्य साहस और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के संकल्प से यह लक्ष्य पूरा हो सका है। सीएम ने कहा कि जो काम कभी असंभव सा लगता था, वह सभी के सहयोग और सामूहिक प्रयास से संभव हुआ है।

कार्यक्रम के बाद इनडोर स्टेडियम से सुभाष स्टेडियम तक तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों के शामिल होने की बात कही गई है। पूरे आयोजन को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

Chhattisgarh