भिलाई(अमर छत्तीसगढ़ =, 18 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ :- सेक्टर-7 पीस ऑडिटोरियम में आयोजित दो दिवसीय कार्यक्रम “अचल-अडोल स्थिति” के प्रथम दिन अंतरराष्ट्रीय मुख्यालय से पधारे वरिष्ठ राजयोग शिक्षक एवं पीस ऑफ माइंड चैनल के सुप्रसिद्ध कार्यक्रम “समाधान” के मुख्य वक्ता ब्रह्माकुमार सूरज भाई जी ने जीवन में शांति, धैर्य और सकारात्मक दृष्टिकोण बनाए रखने का संदेश दिया।

उन्होंने कहा कि “किसी की बातों में आकर अपनी स्थिति न बिगाड़ें। यह स्वीकार करना होगा कि कोई भी परफेक्ट नहीं है—न मैं परफेक्ट हूं, न कोई दूसरा।
मेरी कमी-कमजोरी दूसरों को पसंद नहीं और दूसरों की कमियां मुझे पसंद नहीं आतीं।” उन्होंने दुनिया की परचिंतन एवं नकारात्मक बातों से बचने तथा शांत एवं तनावमुक्त रहने की प्रेरणा दी।

उन्होंने श्रेष्ठ कर्मों की प्रेरणा देते हुए कहा कि “जो हो गया, सो हो गया। मेरा आज पर अधिकार है।” इसलिए बीती बातों को छोड़कर वर्तमान में श्रेष्ठ कर्मों के बीज बोने चाहिए।
उन्होंने विचारों की शक्ति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हम जो सोचते और करते हैं, उसका प्रभाव हमारे आसपास के वातावरण पर पड़ता है। ब्रह्मांड का नियम है कि हम जैसी ऊर्जा और विचार उत्पन्न करते हैं, उसी प्रकार की परिस्थितियां और परिणाम हमारे जीवन में लौटकर आते हैं। इसलिए “जो चाहिए, वही सोचें; जो नहीं चाहिए, उसके बारे में न सोचें।”
उन्होंने परिस्थितियों से भागने के बजाय उनका डटकर सामना करने की प्रेरणा देते हुए कहा कि परिस्थितियां कितनी भी कठिन क्यों न हों, यदि हम धैर्य और सकारात्मक सोच के साथ उनका मुकाबला करें तो एक दिन विजय निश्चित है।

