राजनांदगांव(अमर छत्तीसगढ़) 23 अगस्त । प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा दादी प्रकाशमणि जी की 19वीं पुण्य स्मृति दिवस के अवसर पर विश्व बंधुत्व रक्तदान महाअभियान के अंतर्गत रक्तदान शिविर का आयोजन23अगस्त रविवार को किया गया। कार्यक्रम का आयोजन ब्रह्माकुमारीज के ज्ञान मानसरोवर में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर सेवाकेंद्र संचालिका ब्रह्माकुमारी पुष्पा दीदी जी ने कहा कि रक्तदान महज किसी जरूरतमंद को रक्त उपलब्ध कराने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह मानवता और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करने का भी कार्य करता है।

उन्होंने कहा, “रक्तदान से हम केवल जीवन ही नहीं बचाते, बल्कि आपसी प्रेम, विश्वास और बंधुत्व की भावना भी जागृत करते हैं।” उन्होंने लोगों से नियमित रूप से रक्तदान कर मानव सेवा में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पधारे मेडिकल कॉलेज पेण्ड्री के प्रभारी अधीक्षक चंद्रशेखर इंदौरिया ने कहा कि हर स्वस्थ व्यक्ति जो18से65वर्ष आयु का है रक्तदान कर सकता है।
विशिष्ट अतिथि दिग्विजय महाविद्यालय के वाणिज्य विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष एच.एस. भाटिया ने ब्रह्माकुमारीज द्वारा आयोजित इस रक्तदान अभियान को सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सेवा, सहयोग और भाईचारे की भावना को बढ़ावा देते हैं।मेडिकल कॉलेज ब्लड बैंक अधिकारी डॉ रिंकू सिंह ने सभी को रक्त दान करने के लिये प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन ब्रह्माकुमारी प्रभा बहन जी ने किया। शिविर के माध्यम से लोगों को रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूक किया गया तथा मानव जीवन की रक्षा में रक्तदाताओं की भूमिका को रेखांकित किया गया। आयोजन का उद्देश्य दादी प्रकाशमणि जी की स्मृति को मानव सेवा और विश्व बंधुत्व की भावना से जोड़ना है। शिविर में लगभग 100 लोगो ने रक्तदान किया ।

