कड़े मुकाबले में निपुणा अलंकार मंडल एवं समता युवा संघ संयुक्त विजेता, भिलाई का संभवनाथ महिला मंडल द्वितीय

रायपुर(अमर छत्तीसगढ़) 31 अगस्त । नवकार नगर स्थित श्री मुनिसुव्रत स्वामी जिनालय एवं मणिधारी दादाबाड़ी में आयोजित 11 दिवसीय दादा गुरुदेव इकतीसा भक्ति महोत्सव के अंतर्गत रविवार को विशेष भक्ति संध्या का आयोजन हुआ। भक्ति प्रस्तुतियों में मंडलों के बीच बेहद कड़ा एवं रोमांचक मुकाबला देखने को मिला।

प्रतियोगिता में प्रस्तुतियों की गुणवत्ता, सुर-ताल, भक्ति भाव, अनुशासन एवं मंचीय प्रस्तुति को देखते हुए निर्णायकों के लिए विजेता का चयन करना चुनौतीपूर्ण रहा। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद निर्णायकों ने निपुणा अलंकार मंडल, रायपुर एवं समता युवा संघ (अहिवारा), रायपुर को संयुक्त रूप से प्रथम विजेता घोषित किया। वहीं संभवनाथ महिला मंडल, वैशाली नगर, भिलाई ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

कार्यक्रम में तीनों मंडलों ने दादा गुरुदेव के प्रति अपनी श्रद्धा एवं भक्ति को गीत-संगीत और आकर्षक प्रस्तुतियों के माध्यम से अभिव्यक्त किया। निपुणा अलंकार मंडल एवं समता युवा संघ की प्रस्तुतियों ने निर्णायकों को विशेष रूप से प्रभावित किया, जिसके चलते दोनों मंडलों को संयुक्त विजेता घोषित किया गया।

निर्णायकों द्वारा प्रस्तुतियों का विभिन्न मापदंडों पर मूल्यांकन किया गया। मुकाबला इतना कड़ा रहा कि प्रथम स्थान के लिए दोनों मंडलों को समान रूप से विजेता घोषित करने का निर्णय लिया गया। वहीं भिलाई के संभवनाथ महिला मंडल ने अपनी प्रभावशाली एवं भक्तिमय प्रस्तुति के दम पर द्वितीय स्थान हासिल किया।

आयोजन स्नेह तरंग ग्रुप द्वारा किया गया। महोत्सव में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर दादा गुरुदेव की भक्ति एवं इकतीसा पाठ का लाभ ले रहे हैं।

Uncategorized