राजनांदगांव(अमर छत्तीसगढ़) 3 सितंबर । कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) एवं आयकर विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयकर संबंधी जागरूकता एवं मार्गदर्शन को लेकर विशेष कार्यशाला का आयोजन होटल पंचशील प्राइम, स्टेशन रोड में किया गया।
कार्यक्रम में जिलेभर के विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यशाला में व्यापारियों को आयकर नियमों, प्रावधानों एवं उनसे जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी प्रदान की गई तथा व्यापारियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रवीण डी. मेश्राम, आयकर अधिकारी-1, राजनांदगांव थे। विशेष अतिथि के रूप में वरिष्ठ अधिवक्ता सुरेश एच. लाल, हरीश सांखला, बृजकिशोर सुरजन एवं सीए राजेश बाफना उपस्थित रहे। मंच पर CAIT के प्रदेश संरक्षक अनिल बरडिया, जिला अध्यक्ष राजू डागा, कोषाध्यक्ष भावेश अग्रवाल, शरद अग्रवाल, हंसमुख भाई रायचा, सुरेंद्र गोयल एवं नेमीचंद देवगन सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
पुष्पगुच्छ, दुपट्टा एवं स्मृति चिन्ह से सम्मान
कार्यक्रम में सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं दुपट्टा पहनाकर आत्मीय अभिनंदन किया गया। अतिथियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। जिले के विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों का भी स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मान किया गया।

कार्यक्रम में जिले के लगभग सभी प्रमुख व्यापारिक संगठनों की उल्लेखनीय सहभागिता रही। इनमें सर्राफा संगठन, फल-सब्जी संघ, राइस मिल एसोसिएशन, पोहा-मुरमुरा संगठन, होटल-हवाई संघ, किराना व्यापारी संघ, रिटेल कपड़ा संघ, मेडिकल संघ, लघु उद्योग संघ, दाल मिल एसोसिएशन, जनरल मर्चेंट एसोसिएशन, कॉपी-पुस्तक विक्रेता संघ, पत्रकार संघ, बस ऑपरेटर संघ, कन्फेक्शनरी संघ, टैक्स बार अधिवक्ता संघ एवं सीए एसोसिएशन सहित अन्य संगठनों के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
सभी संगठनों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को व्यापारी एकता एवं संगठन की मजबूती का स्वरूप प्रदान किया। CAIT की ओर से सभी व्यापारिक संगठनों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।

