राजनांदगांव(अमर छत्तीसगढ़) । प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय राजनांदगांव द्वारा ज्ञान मानसरोवर में नवरात्रि के पावन अवसर पर प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी चैतन्य देवियों की मनमोहक झांकी का आयोजन किया गया है। इसका भव्य शुभारंभ 11 अक्टूबर को किया जा चुका है।
नवरात्रि के इस पावन पर्व पर नगर के श्रद्धालुओं को इस अद्भुत झांकी में जीवंत देवियों के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त होगा। झांकी में चैतन्य देवियों के रूप में माँ दुर्गा, माँ सरस्वती, माँ संतोषी, माँ लक्ष्मी, माँ काली, माँ जगदम्बा और माँ उमा के साक्षात दर्शन होंगे, जो भक्तों के लिए आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेगी।ज्ञात हो राजयोग की साधना रत ब्रह्माकुमारी बहनें ही विभिन्न देवी स्वरूप में विराजमान होती हैं जो जड़मूर्ति समान प्रतीत होती हैं
सेवाकेंद्र संचालिका ब्रह्माकुमारी पुष्पा दीदी जी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह झांकी भक्तों के दर्शन के लिए प्रतिदिन शाम 7 बजे से रात्रि 10 बजे तक खुली रहेगी। यह दिव्य झांकी 19 अक्टूबर तक चलेगी, ताकि अधिक से अधिक धर्मप्रेमी सज्जन इसका लाभ ले सकें और माँ के चैतन्य स्वरूपों के दर्शन कर पुण्य अर्जित कर सकें।

