शारदीय नवरात्रि के नौवें दिन नवकार धाम में माँ भगवती पद्मावती का भव्य महापूजन, मुमुक्षु रूपेश की होगी फ़रवरी में जैन भगवती दीक्षा

शारदीय नवरात्रि के नौवें दिन नवकार धाम में माँ भगवती पद्मावती का भव्य महापूजन, मुमुक्षु रूपेश की होगी फ़रवरी में जैन भगवती दीक्षा

जोधपुर राजस्थान (अमर छत्तीसगढ़) 21 अक्टूबर । शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर नवकार धाम में माँ भगवती राजराजेश्वरी पद्मावती का भव्य महापूजन श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। नवकार धाम के संस्थापक मुनि लाभ रूचि एवं मुनि मेधांश के सान्निध्य में आयोजित 10 दिवसीय माँ पद्मावती महापूजन के अंतर्गत विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए।

रात्रिकालीन कार्यक्रम में 108 उवसगहर मंत्रों का जाप एवं हवन किया गया। वहीं, प्रातःकाल माँ भगवती राजराजेश्वरी पद्मावती का विधि-विधानपूर्वक महापूजन एवं आरती की गई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने माँ के चरणों में सुख-समृद्धि, आरोग्य, शक्ति एवं सुमति की मंगल कामना करते हुए परिवार और समाज की खुशहाली के लिए प्रार्थना की।

महापूजन में नवकार धाम के ट्रस्टी रविन्द्र भंडारी एवं मोहन जी भंडारी सहित अनेक श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्मलाभ प्राप्त किया। संपूर्ण वातावरण भक्तिमय बना रहा तथा श्रद्धालुओं ने माँ पद्मावती की आराधना कर आध्यात्मिक शांति एवं मंगल की कामना की।

मुमुक्षु रूपेश कुमार सेठिया को जैन भगवती दीक्षा की स्वीकृति

इस पावन अवसर पर मुनि लाभ रुचि महाराज साहेब ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए मुमुक्षु रूपेश कुमार सेठिया को आगामी फरवरी माह में जैन भगवती दीक्षा प्रदान करने की स्वीकृति दी गई। इस प्रसंग को उपस्थित श्रद्धालुओं ने आध्यात्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना।
मुनि मेधांश ने इस अवसर पर इस ऐतिहासिक घोषणा को नवकार धाम के लिए शुभ भविष्य का संकेत है।

इस अवसर पर नवकार धाम के ट्रस्टी रविन्द्र भंडारी एवं मोहन भंडारी ने मुमुक्षु रूपेश कुमार सेठिया तथा विधिकारिका शीला जैन का बहुमान किया। कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं ने इस प्रसंग पर मंगल भावनाएँ व्यक्त कीं।

नवकार धाम में आयोजित यह धार्मिक आयोजन भक्ति, साधना एवं आध्यात्मिक चेतना का प्रेरणादायी प्रसंग बना। माँ भगवती पद्मावती के महापूजन एवं मंत्र-जाप के माध्यम से श्रद्धालुओं ने धर्म, सद्भावना और मंगलमय जीवन की कामना की।

नवरात्र अनुष्ठान के समापन पर हवन पूजन में उपस्थित श्रद्धालुओं को श्री यंत्र प्रदान किया गया

Chhattisgarh