थाना पामगढ़ क्षेत्र में शराब सेवन के बाद दो व्यक्तियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

थाना पामगढ़ क्षेत्र में शराब सेवन के बाद दो व्यक्तियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

जांजगीर चाम्पा (अमर छत्तीसगढ़) 24 अक्टूबर।

दिनांक 23.10.26 की रात्रि थाना पामगढ़ क्षेत्र में शराब सेवन के बाद दो व्यक्तियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु होने का मामला सामने आया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा जांच की जा रही है। फिलहाल दो संदेहियों को पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है तथा मेडिकल रिपोर्ट सहित अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों का इंतजार किया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 08 के पार्षद रामखिलावन जांगड़े एवं ग्राम पनगांव निवासी जोहित खरे, राजा खरे और मुकेश कश्यप सहित कुल चार व्यक्ति पामगढ़ स्थित शराब दुकान से इम्पीरियल ब्लू ब्रांड की अंग्रेजी शराब की तीन बोतलें लेकर गए थे। इसके बाद रामखिलावन जांगड़े एवं जोहित खरे की तबीयत बिगड़ गई। दोनों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), पामगढ़ में भर्ती कराया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बिलासपुर रेफर किया गया। बिलासपुर में उपचार के दौरान दोनों की मृत्यु हो गई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया आर्थिक लेन-देन का विवाद

पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि मृतक जोहित खरे द्वारा राजा खरे को लगभग 10 लाख रुपये उधार दिए जाने तथा रकम की लगातार मांग किए जाने की जानकारी मिली है। इस आर्थिक लेन-देन के विवाद को भी पुलिस जांच में शामिल कर रही है। साथ ही, शराब में किसी जहरीले पदार्थ की मिलावट किए जाने की आशंका के संबंध में भी जांच की जा रही है। हालांकि, इस संबंध में अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।

दो संदेही पुलिस अभिरक्षा में, मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार

मामले में संदेही राजा खरे एवं मुकेश कश्यप को पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है। राजा खरे वर्तमान में सिम्स, बिलासपुर में भर्ती है। पुलिस के अनुसार, चिकित्सकीय परीक्षण में उसकी स्थिति को लेकर जानकारी प्राप्त हुई है। एहतियातन पुलिस बल की निगरानी में उसे अस्पताल में रखा गया है। पुलिस मेडिकल रिपोर्ट एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

पुलिस द्वारा मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं से की जा रही है। शराब के नमूनों की जांच, चिकित्सकीय रिपोर्ट, संबंधित व्यक्तियों के बयान तथा उपलब्ध अन्य साक्ष्यों के आधार पर मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा। जांच में प्राप्त तथ्यों के अनुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Chhattisgarh