राजनांदगांव(अमर छत्तीसगढ़) 22 नवंबर।
खेल के क्षेत्र में संस्कारधानी राजनांदगांव की बेटियां लगातार अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। इसी कड़ी में जूनियर महिला कबड्डी खिलाड़ियों ने एक बार फिर जिले का गौरव बढ़ाया है। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में आयोजित राज्य स्तरीय जूनियर महिला कबड्डी प्रतियोगिता में राजनांदगांव की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया था। टीम की इसी उपलब्धि और खिलाड़ियों के बेहतरीन खेल कौशल का परिणाम है कि राजनांदगांव की छह प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन छत्तीसगढ़ की जूनियर महिला कबड्डी टीम में हुआ है। ये खिलाड़ी अब फरीदकोट पंजाब में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 26 से 30 नवंबर तक पंजाब में राष्ट्रीय जूनियर महिला कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए छत्तीसगढ़ की टीम में राजनांदगांव नगर की पांच खिलाड़ियों सहित जिले की एक अन्य खिलाड़ी का चयन किया गया है।
चयनित खिलाड़ियों में मीनाक्षी, हेमलता, कावेरी, भामणी, कुमकुम एवं अंजलि शामिल हैं। ये सभी खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी। उल्लेखनीय है कि विगत दिनों गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में आयोजित राज्य स्तरीय जूनियर महिला कबड्डी प्रतियोगिता में राजनांदगांव की टीम ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया था।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने अपनी दमदार रेड, मजबूत रक्षात्मक रणनीति, बेहतर तालमेल और शानदार खेल कौशल से प्रतिद्वंद्वी टीमों को कड़ी चुनौती दी। टीम की इस उपलब्धि ने राजनांदगांव को प्रदेश के कबड्डी मानचित्र पर एक बार फिर गौरवान्वित किया है।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के बाद छह खिलाड़ियों का राष्ट्रीय टीम में चयन होना जिले के खेल जगत के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। राजनांदगांव ग्राम ढोडिया आश्रित ग्राम भोडिया कु कुमकुम उच्च माध्यमिक विद्यालय धामनसरा कक्षा 11 वी विद्यार्थी अध्ययनरत हैं।
जिला कबड्डी संघ के अध्यक्ष ऋषि देव चौधरी ने उक्त जानकारी देते हुए सभी चयनित खिलाड़ियों को बधाई दी और राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद जताई। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की यह उपलब्धि उनकी मेहनत, लगन, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है।
राष्ट्रीय स्तर पर चयन से जिले की अन्य बालिका खिलाड़ियों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ कबड्डी संघ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक चौधरी, कोच एवं राजनांदगांव कबड्डी संघ के सचिव ललित साहू, छत्तीसगढ़ कबड्डी संघ के संयुक्त सचिव तीरथ गिरी गोस्वामी, नगर निगम कबड्डी संघ के अध्यक्ष महेश साहू, कोच रोहित पड़ोती, संजय शाह तथा राष्ट्रीय खिलाड़ी छाया चंद्रवंशी धामनसरा प्राचार्य अजय मसीह पूर्व जनपद सदस्य योगेंद्र दास वैष्णव शाला विकास समिति अध्यक्ष रामचंद्र चंद्राकर पूर्व सरपंच पुनू राम पटेल सरपंच कृतगौरी पटेल खेल शिक्षक संतोष देशमुख सहित शिश्क्षक एवं विद्यार्थियों ने चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद प्रदान किया।
सभी पदाधिकारियों और खेल प्रेमियों ने उम्मीद जताई कि राजनांदगांव की ये होनहार खिलाड़ी पंजाब में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपने शानदार खेल से छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगी। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से जिले के खेल प्रेमियों और कबड्डी जगत में हर्ष का माहौल है।

