राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने पहलगाम आतंकी हमले में रायपुर निवासी दिनेश मिरानिया के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया

राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने पहलगाम आतंकी हमले में रायपुर निवासी दिनेश मिरानिया के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया

रायपुर(अमर छत्तीसगढ़) 22 अप्रैल 2025/ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पहलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले में रायपुर निवासी दिनेश मिरानिया के दुःखद निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह नृशंस और अमानवीय कृत्य अत्यंत निंदनीय है। आतंकवाद मानवता के लिए सबसे बड़ा खतरा है, और इसे किसी भी रूप में स्वीकार नहीं किया जा सकता।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि दुःख की इस घड़ी में राज्य सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। स्थानीय प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को यह अपार दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

राज्यपाल श्री रमेन डेका ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले को बेहद कायराना हरकत बताते हुए इसकी कड़ी निन्दा की और इस हमले में मारे गए लोगों की सद्गति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। राज्यपाल ने कहा कि समूचा देश मृतकों के परिजनों के साथ खड़ा है।

राज्यपाल ने इस हमले का शिकार हुए रायपुर के व्यापारी श्री मिरानिया के निधन पर भी गहरा शोक व्यक्त कर ईश्वर से मृतात्मा की सद्गति एवं परिजनों को इस विकट परिस्थिति में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की और राज्य शासन को मृतक के परिजनों का हर संभव मदद करने हेतु निर्देशित किया।

जम्मू-कश्मीर में आतंकियों की गोलीबारी में रायपुर का कारोबारी घायल : परिवार के साथ गया था छुट्टियां मनाने, इसी बीच आतंकियों ने कर दिया हमला रायपुर। मंगलवार को जम्मू-कश्मीर पहलगांव में आतंकी हमला हुआ है। इस हमले में रायपुर के कारोबारी को भी गोली लगी है। कारोबारी दिनेश मिरानिया पत्नी, बच्चों के साथ जम्मू- कश्मीर घूमने गए थे। दिनेश मिरानिया रायपुर के समता कॉलोनी के निवासी हैं।

उल्लेखनीय है कि, आंतकी गोलीबारी में 12 लोग घायल बताए जा रहे हैं। वहीं 1 व्यक्ति की मौत की खबर है। घायलों में एक रायपुर निवासी बताए गए हैं। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने मोर्चा संभाल लिया है। इलाके में नाकेबंदी कर सर्च ऑपेरशन चलाया जा रहा है।

गृहमंत्री अमित शाह ने मौके पर जाने ऐलान किया है। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला भी अपना प्रस्तावित दौरा रद्द कर पहलगाम के लिए रवाना हो गए हैं। अधिकारियों ने बताया, बैसरन इलाके में राजस्थान के पर्यटकों का दल घूमने आया था। इसी बीच आतंकवादियों ने फायरिंग शुरू कर दी।

समाचार एजेंसी PTI को एक महिला ने फोन कर बताया कि हमले में 8 से 10 लोग घायल हुए हैं। उसके पिता को भी गोली मार दी गई है। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने सेना प्रमुख से बात कर जानकारी ली है।

Chhattisgarh