कांकेर(अमर छत्तीसगढ़) 30 जून। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिला अस्पताल में एक युवक ने रात के वक्त नर्स से जबरदस्ती छेड़छाड़ करने की कोशिश की। जिसके बाद पीड़ित नर्स की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
इस घटना के बाद स्टाफ नर्सों और अन्य कर्मियों ने अस्पताल प्रबंधन पर सुरक्षा को लेकर लापरवाही का आरोप लगाया है। नर्सों का कहना है कि मरीजों और कर्मचारियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी प्रबंधन की है, लेकिन यहां हालात भगवान भरोसे हैं।
अस्पताल में कई सीसीटीवी कैमरे लंबे समय से बंद पड़े हैं। वहीं, अस्पताल परिसर में खोला गया, लेकिन पुलिस सहायता केंद्र भी नाम मात्र का साबित हो रहा है। पीड़ित नर्स की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया, लेकिन इससे कर्मचारियों की चिंता दूर नहीं हुई।
अस्पताल के स्टाफ का कहना है कि आए दिन मरीजों के परिजन और अन्य लोग दुर्व्यवहार करते हैं। ऐसी घटनाओं ने अस्पताल में काम कर रहे कर्मचारियों को मानसिक रूप से परेशान कर दिया है। सभी ने मांग की है कि अस्पताल में 24 घंटे सख्त सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाए और कड़े नियम बनाए जाएं, ताकि कर्मचारी सुरक्षित माहौल में मरीजों की सेवा कर सकें।

