छात्रों ने पालकों के साथ मिलकर जड़ा स्कूल में ताला : प्रिंसिपल को हटाने के बाद माने, त्वरित कार्रवाई के बाद खोला ताला

छात्रों ने पालकों के साथ मिलकर जड़ा स्कूल में ताला : प्रिंसिपल को हटाने के बाद माने, त्वरित कार्रवाई के बाद खोला ताला

गरियाबंद(अमर छत्तीसगढ) 5 जुलाई। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के छुरा थाना क्षेत्र स्थित अकलवारा हायर सेकंडरी स्कूल के प्रिंसिपल पर गंभीर आरोप लगाते हुए छात्राओं ने शनिवार को स्कूल गेट पर ताला जड़ दिया। छात्राओं और उनके पालकों का आरोप है कि प्रिंसिपल ने न सिर्फ कई छात्रों को जानबूझकर फेल कर दिया। बल्कि छात्राओं के साथ दुर्व्यवहार भी की है।

प्रदर्शन कर रहीं छात्राओं ने बताया कि शिकायत के बाद डीईओ गरियाबंद द्वारा जांच कमेटी गठित की गई थी, जिसमें आरोपों की पुष्टि भी हो गई। इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। शाला विकास समिति के अध्यक्ष उदित सेन ने कहा कि, स्कूल खुलते ही परिणाम में हेरफेर और छेड़छाड़ की शिकायत की गई थी। जांच में सब कुछ साफ़ हुआ, फिर भी प्रशासन चुप्पी साधे बैठा है।

छात्रा इसिका दत्ता और वासनी यादव ने बताया कि शिकायत के बाद कई बार उन्हें प्रताड़ित करने की कोशिश की गई। एक पालक राजकुमार ने कहा कि, यह मामला बेहद गंभीर है। प्रशासन को तुरंत एक्शन लेना चाहिए था।

प्रदर्शनकारियों ने साफ कर दिया कि कार्रवाई होने तक वे स्कूल गेट से हटेंगे नहीं। सूचना मिलते ही बीईओ के एल मतावले मौके पर पहुंचे और अभिभावकों व छात्रों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांग पर अड़े रहे।

बीईओ मतावले ने बताया कि, जांच की रिपोर्ट उच्च कार्यालय को भेजी गई है और आरोपों की पुष्टि हुई है। उच्च अधिकारियों के निर्देश पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

इधर, डीईओ ए.के. सारस्वत ने कहा कि आरोपी प्रिंसिपल को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है। पहली जांच में उनके द्वारा सहयोग नहीं किया गया था. इसलिए दोबारा जांच के आदेश दिए गए हैं, जो सोमवार तक पूरी होगी. उसके बाद जरूरी कार्रवाई की जाएगी।

Chhattisgarh