राजनांदगांव(अमर छत्तीसगढ) 11 जुलाई 2025। जिले के किसान खेती-किसानी के कार्य में जुटे हुए है। किसान सहकारी समितियों में खाद-बीज लेने के लिए प्रतिदिन पहुंच रहे है। कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने किसानों के लिए खाद-बीज की सतत आपूर्ति के निर्देश दिए हैं। जिले में किसानों के लिए पर्याप्त मात्रा में खाद-बीज का भंडारण उपलब्ध है।
कलेक्टर ने किसानों को समय पर खाद-बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा है कि सभी समितियों में खाद-बीज की निरंतर आपूर्ति होती रहे इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी प्राथमिकता से कार्य करेंगे।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित राजनांदगांव प्रभात मिश्रा ने बताया कि जिले में खरीफ 2025 अंतर्गत 32409.1 मीट्रिक टन रासायनिक खाद का भंडारण किया गया है, जो कुल भंडारण का 62.90 प्रतिशत है।
अब तक किसानों को 28945.7 मीट्रिक टन रासायनिक खाद का वितरण किया जा चुका है। जिसमें यूरिया 9518 मीट्रिक टन, सुपर फास्ट 4941 मीट्रिक टन, डीएपी 2936.4 मीट्रिक टन, एनपीके 8959.2 मीट्रिक टन, पोटाश 2591.3 मीट्रिक टन है। किसानों को 3463.4 मीट्रिक टन रासायनिक खाद का वितरण किया जाना शेष है।

उप संचालक कृषि टीकम सिंह ठाकुर ने बताया कि निरीक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता पाये जाने पर उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है। जिसके तहत राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम हरदी में मेसर्स जय अम्बे उन्नत कृषि केन्द्र प्रोपराईटर सुरेश द्वारा प्रोम खाद को डीएपी के नाम से 1550 रूपए प्रति बोरी में विक्रय किया जा रहा था एवं मेसर्स द्वारा पंजी संधारण तथा कृषकों को बिल नहीं दिया जा रहा है।

इस प्रकार विक्रय परिसर में पाये गये पुष्कर कंपनी का एसएसपी पाउडर 5.05 टन, एसएसपी दानेदार 4.3 टन, खेतान कंपनी का एसएसपी दानेदार 1 बोरी, कृभको यूरिया 7.425 टन एवं इंदु फर्टिलाईजर्स का प्रोम 14 बोरी का जप्ती कर सुपुर्दगी में दिया गया।
इसी क्रम में राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम भंवरमरा में देवानंद सिन्हा के घर पर औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कृषक के घर पर 27 बोरी यूरिया एवं 14 बोरी अमोनियम सल्फेट बरामद किया। उर्वरक कृषक द्वारा इफको बाजार मंडी परिसर राजनांदगांव से खरीदा गया है।
जिसे कृषक द्वारा बिना लाईसेंस के विक्रय करते हुए पाया गया। उर्वरक की जप्ती कर सुपुर्दगी किया गया। प्रकरण उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 के निहित प्रावधानों के तहत प्रकरण को कलेक्टर राजनांदगांव को प्रस्तुत किया गया है।

जिसमें यूरिया 273 मीट्रिक टन, सुपर फास्ट 1459.4 मीट्रिक टन, डीएपी 392.8 मीट्रिक टन, एनपीके 478 मीट्रिक टन, पोटाश 860.1 मीट्रिक टन है। इसी तरह जिले में 10742.60 क्विंटल बीज का भंडारण किया गया है और किसानों को 9935.90 क्विंटल बीज का वितरण किया गया है एवं 806.70 क्विंटल बीज का वितरण शेष है। इसके तहत जिले में 10719 क्विंटल धान का भंडारण किया गया है और किसानों को 9923.18 क्विंटल धान का वितरण किया गया है एवं 795.82 क्विंटल धान का वितरण शेष है।


