रायपुर(अमर छत्तीसगढ) 18 जुलाई। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सेंट्रल जेल में बंद पूर्व सीएम के करीबी आशीष सिंदे और उसके एक साथी पर बदमाशों ने ब्लेड से जानलेवा हमला कर दिया।
जेल प्रशासन पहले ऐसी किसी तरह की घटना होने से इनकार कर रहा था, फोटो वायरल होने के बाद जेल प्रशासन इस मामले में कुछ भी बोलने से बच रहा है। घायलों का उपचार आंबेडकर अस्पताल में कराया जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, ठगी के आरोप में पूर्व में जेल में बंद एक कांग्रेसी नेता द्वारा गुटबाजी के कारण आशीष सिंदे पर हमला कराया गया है। हालांकि पुलिस ने इसकी अधिकारिक रूप से पुष्टि नहीं की है।
पुलिस मामले की जांच के बाद उचित कार्रवाई करने की बात कह रही है। आशीष सिंदे तथा उसके अन्य साथी पर प्राणघातक हमले की जेल प्रशासन ने आंतरिक जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है, दो बंदियों ने मिलकर आशीष तथा उसके साथी पर हमला किया है। हमले की वजह राजनीतिक के साथ गुटीय संघर्ष को बताया जा रहा है।
आशीष सिंदे तथा उसके साथी पर जिन बदमाशों ने धारदार हथियार से हमला किया है, उसमें हत्या के आरोप में जेल में बंद किसी सांई नाम के बदमाश का नाम सामने आ रहा है।
सांई ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर आशीष तथा उसके साथी पर हमला किया है।
सूत्रों के मुताबिक आशीष पर जब बदमाश हमला कर रहे थे, उस समय आशीष को उसका साथी बचाने के लिए पहुंचा। इस दौरान बदमाशों ने उस पर भी हमला कर दिया।

