रायपुर(अमर छत्तीसगढ) 22 जुलाई। पूर्व सीएम भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी के खिलाफ कांग्रेस ने 33 जिलों में 2 घंटे तक चक्काजाम किया। जहां रायपुर में भूपेश बघेल ने कहा कि, छत्तीसगढ़ में आर्थिक नाकेबंदी सफल रही है। यहां विष्णुदेव की सरकार अहमदाबाद से चल रही है और अडाणी के दफ्तर से संचालित हो रही है।
पूर्व सीएम श्री बघेल ने कहा कि, सरकार को रमन कार्यकाल में मुख्य सचिव रहे अमन सिंह चला रहे हैं। अमन सिंह और अडाणी मिलकर अहमदाबाद से चला रहे हैं। छत्तीसगढ़ की संपदा को लूटना चाहते हैं। बस्तर में जंगल कट गए, तमनार में जंगल कट गए।
षडयंत्र के तहत जल-जंगल जमीन को लूटा जा रहा है।छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनते ही सरगुजा में पेड़ों की अवैध कटाई हो गई, हसदेव में जंगल कट गए, तमनार में जंगल कट गए। किसी के खिलाफ FIR नहीं हुई। ये छत्तीसगढ़ की संपदा और जल-जंगल जमीन को बचाने की लड़ाई है।
ED और EOW के जरिये है फंसाते- नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत
नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व में प्रदेशभर में नाकेबंदी की गई है। छत्तीसगढ़ को लूटने आए हैं, हमारे कोयला को जंगल को लूटने आए हैं। अडाणी हो या अंबानी हो अगर छत्तीसगढ़ को लूटेंगे तो हम एक साथ प्रदेशभर में आंदोलन करेंगे। हमारे नेताओं को ED और EOW के तहत फंसाते हैं। लखमा को अंदर नहीं, देवेंद्र यादव को, कवासी लखमा और भूपेश बघेल के बेटे को जेल में डाला। ये सब छत्तीसगढ़ में नहीं चलेगा।

