कोंडागांव(अमर छत्तीसगढ) 23 जुलाई। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में पद दिलाने की लालच देकर एक भाजपा नेता से 41 लाख की ठगी कर ली गई है। पेट्रोल पंप संचालक संतोष कटारिया छत्तीसगढ़ BJP कोर ग्रुप के भी सदस्य हैं।
उन्हें एक काजल जोशी नाम की महिला ने खुद को दिल्ली में RSS का पदाधिकारी बताकर उनसे संपर्क किया। जिसके बाद उसने खनिज निगम का चेयरमैन बनाने लिए 3 करोड़ मांगे। बीजेपी नेता ने लालच में आकर 3 महीने के अंदर 41.30 लाख दे डाले। लेकिन जब निगम मंडल की सूची आई तो उनका नाम नहीं आया। जिसके बाद वे थाने पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज करवाई।
मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला 12 अगस्त 2024 का है। जहां पीड़ित संतोष ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि, रायपुर के रहने वाले राजीव सोनी से चर्चा के दौरान उन्होंने काजल जोशी का नाम सुना था। जिसके बाद राजीव ने काजल से मुलाकात करवाई थी।
काजल खुद को महाराष्ट्र की रहने वाली और दिल्ली में रहना होता है ऐसा बताया। उसने केंद्रीय मंत्रियों और छत्तीसगढ़ सरकार से पहचान होना बताकर खनिज निगम में चेयरमैन बनाने 3 करोड़ मांगे थे। संतोष ने 3 महीने के अंदर अलग-अलग किश्तों में कुल 41.30 लाख दे डाले थे।
जब छत्तीसगढ़ निगम मंडलों की नियुक्ति आदेश में पीड़ित का नाम नहीं आया तो दोनों से संपर्क करने का प्रयास किया गया। लेकिन दोनों ने फोन उठाना बंद कर दिया। ठगी का अहसास होने के बाद भाजपा नेताओं से संपर्क करने पर पता चला कि काजल जोशी नाम की कोई महिला BJP कार्यकर्ता है ही नहीं।

