एंटी नक्सल ऑपरेशन में बड़ी सफलता : आठ लाख का इनामी नक्सली मुठभेड़ में ढेर

एंटी नक्सल ऑपरेशन में बड़ी सफलता : आठ लाख का इनामी नक्सली मुठभेड़ में ढेर

कांकेर(अमर छत्तीसगढ़) 10 सितंबर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर सुरक्षा बलों को नक्सलवाद के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। कांकेर जिले के आदनार के जंगल में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें एक नक्सली मारा गया।

घटना स्थल पर सर्चिंग जारी है। इसकी पुष्टि एसपी आईके एलिसेला ने की है। ढेर नक्सली मासा कंपनी नंबर-5 का सदस्य था और उस पर आठ लाख रुपए का इनाम घोषित था।

मिली जानकारी के मुताबिक, कांकेर जिले के आदनार के जंगल में पुलिस के जवान सर्च ऑपरेशन पर निकले थे। इस दौरान नक्सलियों से मुठभेड़ हो गई. मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने एक नक्सली को ढेर कर दिया। मारे गए नक्सली का शव बरामद कर लिया गया है। साथ ही मौके से एक थ्री-नॉट-थ्री रायफल समेत अन्य सामान बरामद किया गया है।

कांकेर एसपी ने बताया कि इलाके में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर संयुक्त पार्टी रवाना की गई थी। इस दौरान मुठभेड़ में नक्सली मासा मारा गया। घटना स्थल से नक्सल सामग्री भी बरामद की गई है।

बताया जा रहा है कि यह वही इलाका है, जो बड़ी कोटरी नदी और कई नदी-नालों से घिरा हुआ है। जुलाई और अगस्त में नदियों के उफान की वजह से पुलिस की कार्रवाई धीमी पड़ी थी। लेकिन पानी का स्तर घटते ही सुरक्षाबलों ने ऑपरेशन तेज कर बड़ी सफलता हासिल की है।

Chhattisgarh