राजनांदगांव(अमर छत्तीसगढ) 13 सितंबर। पंडित किशोरीलाल शुक्ल विधि महाविद्यालय, राजनांदगांव के छात्र-छात्राओं ने लोक अदालत की कार्यवाही का अवलोकन किया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को न्याय व्यवस्था से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं को समझने तथा लोक अदालत की कार्यप्रणाली को नजदीक से देखने का अवसर प्राप्त हुआ।
इस भ्रमण में विद्यार्थियों के साथ महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक अतुल सोनी भी उपस्थित रहे। लोक अदालत में छात्रों को जिला बार काउंसिल के अध्यक्ष मनोज चौधरी द्वारा संबोधित किया गया। जिसमें उन्होंने लोक अदालत की प्रासंगिकता, इसके माध्यम से त्वरित एवं सुलभ न्याय तथा न्यायिक प्रणाली में इसके महत्व पर प्रकाश डाला।
महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने गहनता से कार्यवाही का अवलोकन किया तथा उपलब्ध अवसर का सर्वोत्तम उपयोग किया। इस शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों को न केवल सैद्धांतिक ज्ञान को व्यवहारिक रूप से समझने का अवसर मिला, बल्कि न्याय व्यवस्था के प्रति उनकी जागरूकता भी बढ़ी।

