रायपुर(अमर छत्तीसगढ) 14 सितंबर । दुबई में भारत और पाकिस्तान के बीच खेले जा रहे एशिया कप को लेकर विपक्षी दल सरकार को घेरने में लगे हुए हैं. विपक्षी दलों में खासकर कांग्रेस पार्टी ने सरकार पर निशाना साधा है कि पाकिस्तान के साथ मैच खेलना उचित नहीं।
तो सरकार ने इसे खेल की आवश्यकता बताते हुए बचाव किया है। वहीं इस पर छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि खेल और ऑपरेशन सिंदूर दोनों अलग-अलग बातें हैं।
एशिया कप में खिलाड़ी बहुत परिश्रम करते हैं। खिलाड़ियों को मौका देना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने धर्मांतरण और बढ़ते बिजली बिल पर भी बयान दिया है।
वहीं प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से आ रहे धर्मांतरण के मामले पर सीएम साय ने कहा कि धर्मांतरण पर लगातार कार्रवाई हो रही है। इस पर प्रशासन कड़ाई से कार्रवाई कर रहा है।
बढ़ते बिजली बिल को लेकर नेताप्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत के वीडियो पर सीएम विष्णुदेव साय ने पलटवार करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ मुफ्त बिजली की ओर आगे बढ़ रहा है। केंद्र उसमें राज्य को सब्सिडी दे रहा है।
दरअसल, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जशपुर और कांकेर जिलों में आयोजित अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल होकर राजधानी रायपुर लौटे।
इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए इन सभी मुद्दों पर बयान दिया। वे जशपुर में पर्यटन एवं कृषि क्रांति कार्यक्रम में और कांकेर में ठाकुर जोहारनी कार्यक्रम में शामिल हुए थे।

