राजनांदगांव (अमर छत्तीसगढ) 16 सितंबर। रक्तदान अमृत महोत्सव 2.0 के उपलक्ष में विश्व की सर्वाधिक रक्तदाता संस्था रखने जा रही है रक्तदान का नया कीर्तिमान
विश्व की सर्वाधिक रक्तदाता संस्था अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद रक्तदान अमृत महोत्सव 2:0 के उपलक्ष्य में दिनांक 17 सितंबर 2025 को अपने 61वें स्थापना दिवस में भारत सरकार के साथ मिलकर अपने कर्मठ उत्साही एवं देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत असंख्य युवाओं के सकारात्मक सक्रिय सहयोग से देश और विदेशों में सेवा और समर्पण के सबसे बड़े रक्तदान अभियान (MBDD) के नाम से एक ही दिन में 7500 से अधिक रक्तदान शिविरों का आयोजन कर नया कीर्तिमान रचने जा रही है।
अभातेयुप के इस महाअभियान में 50000 से अधिक युवा कार्यकर्ताओं का समूह पूरे उत्साह के साथ तैयारियों में जुट चुका है। समग्र आयोजन के केंद्र बिंदु के रूप में दिल्ली में कंट्रोल रूम प्रारंभ हो चुका है। दिल्ली कंट्रोल रूम से पूरे देश और विदेशों में होने वाले रक्तदान शिविरों पर नजर रखी जाएगी। देश भर में दिल्ली कंट्रोल रूम से आवश्यक सामग्री का वितरण भी किया जा चुका है।
मानव सेवा के इस महाअभियान में 17 सितंबर को एक ही दिन में पूरे देश में 4000 रक्त बैंक,5000 डॉक्टर्स,25 हजार टेक्निशीयन,1 लाख स्वयंसेवक जुडकर 3 लाख यूनिट रक्त एकत्र करेंगे।
उल्लेखनीय है कि विगत दस वर्षों में परिषद द्वारा 10 लाख से अधिक यूनिट रक्त संग्रहित किया गया है 2014 में एक ही दिन में सर्वाधिक रक्तदान का रिकार्ड गिनीज वर्ल्ड रिकार्ड में परिषद द्वारा दर्ज है।
इसी तरह कोरोनाकाल में 3000 से अधिक प्लाज्मा डोनेट करवाकर एशिया बुक व इंडिया बुक ऑफ रिकर्ड में परिषद अपना नाम दर्ज करवा चुकी है। वर्ष 2022 में परिषद 6149 रक्तदान शिविरों का आयोजन कर 250000 यूनिट रक्त संग्रह करने पर ब्रिटिश पार्लियामेन्ट में भी लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर चुकी है।
भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, रेल मंत्रालय, युवा मामले और खेल मंत्रालय तीन मंत्रालय तथा रेलवे पुलिस फोर्स व एन. एस. एस इस अभियान से जुट चुके हैं। भारत सरकार की स्वास्थ्य सचिव पुण्य सलित्य श्रीवास्तव ने सारे राज्यों के स्टेट प्रिंसिपल, हेल्थ संक्रेटरी आदि को पत्र लिखकर इस अभियान में भागीदारी सुनिश्चित करने का लक्ष्य दिया है।
अनेक प्रमुख राजनेता जैसे स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल, युवा एवं खेल मंत्री मनसुख मंडाविया आदि का समर्थन इस अभियान को प्राप्त हो रहा है।
देश के अनेक छोटे-बडे एनजीओ एवं सामाजिक संस्थाएं इस अभियान के साथ में जुटे हैं। अभियान से जुटे कार्यकर्ताओं द्वारा अलग-अलग माध्यमों एवं संपकों से बड़ी-बड़ी औद्योगिक इकाईयों के कर्मचारीगण, सरकारी कर्मचारीगण आदि से रूबरू मिलकर उन्हें रक्तदान के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
अभातेयुप की एमबीडीडी टीम द्वारा जागरूकता अभियान के तहत कॉलेज यूनिवर्सिटी के छात्रों को संपर्क कर प्रथम बार रक्तदान हेतु प्रेरित किया जा रहा है।
अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद द्वारा भारत की आम जनता को आगामी 17 सितम्बर 2025 को मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइब के अंतर्गत आयोजित होने वाले रक्तदान शिविरों में सहयोग करते हुए अधिकाधिक रक्तदान करने का आह्वान किया जा रहा है।
देशभर में आयोजित अपने नजदीकी रक्तदान स्थल की जानकारी ई-रक्तकोष वेबसाइट पर प्राप्त की जा सकती है।
तेरापंथ युवक परिषद राजनांदगांव द्वारा भी दिग्विजय महाविद्यालय के परिसर में रक्तदान शिविर का 17 सितंबर 2025 को आयोजन किया गया है।

