कवर्धा (अमर छत्तीसगढ) 21 सितंबर। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में दुर्गा पंडाल को उखाड़ने को लेकर दो पक्षों में जमकर विवाद हो गया।
दोनों पक्षों के विवाद को सुलझाने गई पुलिस के साथ भी जमकर मारपीट की हुई। इस घटना में कई लोग घायल हो गए हैं। वहीं मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है। यह पूरा मामला कुकदूर थाना के कामठी गांव का है।
उल्लेखनीय है कि, बीते वर्ष कूकदूर थाना क्षेत्र के कामठी गांव में गोंडवाना समाज और गांव वालों के बीच मंदिर परिसर में दुर्गा मां की मूर्ति स्थापना को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि पुलिस और जिला प्रशासन टीम को मौके पर जाना पड़ा।
पुलिस के आला अधिकारी जानकारी के बाद मौके पर पहुंचे, जिसके बाद मामला शांत हो पाया। इसके बाद मंदिर परिसर के गेट में लगाए ताले को पुलिस ने खोला फिर मंदिर में दुर्गा मां की मूर्ति की स्थापना की गई।

