राजनांदगांव(अमर छत्तीसगढ) 21 सितंबर।
शहर में लगातार बढ़ रहे अपराध चोरी, मर्डर, चाकूबाजी और अवैध नशे के कारोबार पर रोक लगाने की मांग को लेकर विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में रात के समय पुलिस पेट्रोलिंग गाड़ियों और 112 की गश्त बढ़ाने के साथ-साथ नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री पर कठोर कार्रवाई की मांग की गई।
कांग्रेस के युवा नेता संदीप सोनी ने प्रेस नोट जारी कर बताया कि संस्कारधानी कहलाने वाला राजनांदगांव अब अपराधधानी बनता जा रहा है। हाल ही में हुए नवागांव तिहरे हत्याकांड और मोहड़ गोलीकांड ने शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
चोरी और चाकूबाजी की घटनाएं आम हो चुकी हैं और अब चोरी की वारदातें मानव मंदिर चौक, डायमंड सिटी से लेकर कलेक्ट्रेट परिसर तक पहुंच गई हैं। उन्होंने कहा कि इन अपराधों के पीछे मुख्य कारण नशा है।
ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि अपराध रोकथाम में लापरवाह अधिकारियों को हटाया जाए और जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा ठोस कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। ताकि शहर की कानून-व्यवस्था पर आम जनता का भरोसा कायम रह सके।
ज्ञापन सौंपने वालों में महिला ब्लॉक अध्यक्ष प्रतिमा बंजारे, मीडिया पैनलिस्ट अभिमन्यु मिश्रा, युवा नेता संदीप सोनी, खिलेश बंजारे, अरमान साहू, ऋषभ सोनी, देवकुमार निर्मलकर, अशोक मानकर, रेखा कुर्रे और प्रिंस वरके सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

