रायपुर(अमर छत्तीसगढ) 23 सितंबर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक विदेशी छात्र की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। मृतक की पहचान 22 वर्षीय सेनजेलवे सिसोनके निकमबुले, साउथ अफ्रीकी मूल निवासी, के रूप में हुई है। मृतक छात्र रायपुर स्थित मेट्स यूनिवर्सिटी में एडमिशन लेने आया था।
पुलिस के मुताबिक, पिछले तीन दिनों से वह अपने परिजनों के कॉल का जवाब नहीं दे रहा था। इस बीच मामले की जानकारी साउथ अफ्रीकन एंबेसी तक पहुंची। एंबेसी के निर्देश पर यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने छात्र को रायपुर के आंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान उसकी हालत बिगड़ती चली गई और आज उसकी मौत हो गई।
इस घटना की गंभीरता को देखते हुए देवेंद्र नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मृतक के मेडिकल रिकॉर्ड और उसके व्यवहार से जुड़ी जानकारी खंगाल रही है। वहीं, इस पूरे मामले पर साउथ अफ्रीकी एंबेसी भी लगातार नजर बनाए हुए है।
बताया जा रहा है कि, छात्र सेनजेलवे का बैग मुंबई एयरपोर्ट से चोरी हो गया था। उस बैग में उसकी मानसिक रोग से जुड़ी दवाइयां थीं। बैग चोरी के बाद से ही उसका व्यवहार असामान्य हो गया था। मुंबई में उसकी मानसिक असंतुलन जैसी हरकतों के कई वीडियो भी वायरल हुए थे।

