रायपुर(अमर छत्तीसगढ) 25 सितंबर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस ने गांजा तस्करों के घर बुलडोजर चलाया है। ये आरोपी इन्हीं घरों से बेखौफ होकर सुख नशे का धंधा कर रहे थे। पुलिस ने निगम के साथ मिलकर ऐसे 15 ठिकानों को जमीदोज किया है।
यह कार्रवाई खमतराई क्षेत्र के डेरापारा में हुई है। यहां सबसे ज्यादा गांजा व अवैध शराब की बिक्री की शिकायतें थीं। वहां लगातार छापेमारी की गई। इस दौरान आधा दर्जन महिलाओं को शराब बेचते हुए पकड़ा गया।
गांजा तस्करी करने वाले 15 लोगों को जेल भेजा गया। इनमें अधिकांश आरोपी दुर्ग-राजनंदगांव के थे, जो गांजा तस्करी के लिए रायपुर में झोपड़ी बनाकर रह रहे थे। उन्होंने निगम की जमीन पर अवैध कब्जा कर रखा था।

आरोपियों के मकान जब खाली मिले तो उनके मकानों के संबंध में निगम से जानकारी मांगी गई। निगम ने अतिक्रमण होने की पुष्टि की। सभी मकानों में बिजली भी सप्लाई भी हुई थी। इसकी जानकारी बिजली विभाग से भी मांगी गई, जो अवैध पाई गई।

